April 18, 2026

Hind foucs news

hindi new update

हिमाचल प्रदेश के 3 जिलों में बाढ़ का खतरा, भूस्खलन के चलते कई सड़कें बंद

नई दिल्ली। भीषण गर्मी के बाद अब मानसून में भारी बारिश लोगों के लिए परेशानी का सबब बन रही है। देश के कई हिस्सों में बाढ़ के हालात हैं और जनजीवन अस्त व्यस्त है। उत्तराखंड के बाद अब हिमाचल प्रदेश में भी मौसम की मार से लोग परेशान हो रहे हैं। हिमाचल प्रदेश के तीन जिलों शिमला, सिरमौर और मंडी में बाढ़ की आशंका जताई गई है। मौसम विभाग ने प्रदेश में अगले दो दिनों तक भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। प्रदेश में कई नदियां उफान पर हैं और पहाड़ों से भी बारिश का पानी सैलाब बन कर सड़कों पर बह रहा है।

अब तक हुई बारिश का सबसे ज्यादा असर मंडी जिले में देखने को मिला है। यहां बारिश का पानी तेज रफ्तार से पहाड़ों को काटकर नीचे बह रहा है। इसके चलते कई जगहों पर भूस्खलन की घटनाएं हुई हैं। लैंड स्लाइड और बारिश के चलते प्रदेश की लगभग 115 सड़कों पर आवाजाही बंद है। इनमें से सिर्फ मंडी जिले में ही अलग-अलग ऐसे 107 मार्ग हैं जो फिलहाल बाधित हैं। सड़क मार्ग में अवरोध के चलते पर्यटकों समेत स्थानीय लोग भी फंसे हुए हैं। मौसम विभाग के अनुसार कल यानी शुक्रवार को प्रदेश में 115.5 से लेकर 204.4 मिलीमीटर बारिश होने के आसार हैं।

बारिश के चलते प्रदेश की बिजली व्यवस्था भी चरमरा गई है। प्रदेश में 212 ट्रांसफार्मर ठप पड़े हैं, जिनमें से 147 ट्रांसफार्मर मंडी जिले में बाधित हैं। जिस कारण से कई इलाकों में बिजली आपूर्ति भी नहीं हो पा रही है। आपको बता दें उत्तराखंड में भी बारिश के चलते हालात बहुत खराब हैं। धाराचूला-तवाघाट-आदि कैलाश मोटर मार्ग पर रंगती पुल के पास भारी भूस्खलन के चलते मार्ग बाधित हो गया है। भारी बारिश के कारण हल्द्वानी के कई इलाकों में भी बाढ़ की स्थिति आ गई है। जगह-जगह सड़क पर पहाड़ों से मलबा गिर रहा है।