महाराष्ट्र में आज एमएलसी चुनाव, 11 सीटों पर 12 उम्मीदवार होने से सत्तारूढ़ महायुति और विपक्षी महाविकास अघाड़ी में रोचक मुकाबला
मुंबई। महाराष्ट्र में आज एनडीए और इंडी गठबंधन की रोचक सियासी जंग देखने को मिलने वाली है। एनडीए और इंडी गठबंधन की इस जंग की वजह महाराष्ट्र विधान परिषद में एमएलसी की 11 सीटों के लिए हो रहे चुनाव हैं। सीटें 11 हैं, लेकिन इंडी गठबंधन में शामिल महाविकास अघाड़ी ने उद्धव ठाकरे की शिवसेना की तरफ से मिलिंद नार्वेकर को बतौर 12वां उम्मीदवार उतारा है। इसी वजह से चुनाव की नौबत आ गई है। नतीजे में अपनी पार्टी में हॉर्स ट्रेडिंग यानी विधायकों की तोड़फोड़ को रोकने के लिए शरद पवार की एनसीपी गुट के अलावा बाकी सभी दलों ने अपने विधायकों को होटलों में रुकवाया था।
महाराष्ट्र विधानसभा के सभी विधायक एमएलसी चुनाव में वोट देने वाले हैं। अगर महाराष्ट्र विधानसभा में गणित को देखें, तो कुल 288 सीटों में अभी 274 विधायक हैं। हर एमएलसी को जिताने के लिए कम से कम 23 वोट की जरूरत है। एनडीए यानी महायुति ने विधान परिषद चुनाव में 9 प्रत्याशी उतारे हैं। इनमें बीजेपी के 5, एकनाथ शिंदे की शिवसेना के 2 और अजित पवार वाले एनसीपी गुट के 2 प्रत्याशी है। बीजेपी के 103 विधायक हैं। उसके पास अपने सभी प्रत्याशी जिताने के लिए जरूरी वोट से 12 कम हैं। वहीं, एकनाथ शिंदे की शिवसेना के 37 विधायक हैं। उनके पास प्रत्याशी जिताने के लिए 9 विधायक कम हैं। जबकि, अजित पवार की एनसीपी के 39 विधायक हैं। उनके पास 7 विधायक की कमी है।
वहीं, इंडी गठबंधन यानी महाविकास अघाड़ी की बात करें, तो कांग्रेस के पास 37 विधायक हैं और 14 अतिरिक्त वोट भी हैं। जबकि, उद्धव ठाकरे के शिवसेना गुट के 15 विधायक हैं और उनके पास 8 विधायकों की कमी है। जबकि, शरद पवार की एनसीपी के 13 विधायक हैं। वहीं, महाराष्ट्र विधानसभा में सपा और एआईएमआईएम के 2-2, सीपीएम का 1 और 1 निर्दलीय विधायक हैं। इनके वोट महत्वपूर्ण होंगे। महाराष्ट्र में अगले कुछ महीनों में विधानसभा चुनाव होने वाले हैं। इस बार लोकसभा चुनाव में महाविकास अघाड़ी ने एनडीए को झटका दिया है। ऐसे में आज हो रहे एमएलसी चुनाव सेमीफाइनल माने जा रहे हैं।
