April 26, 2026

Hind foucs news

hindi new update

आईएएस पूजा खेडकर की मां मनोरमा भी मुश्किल में घिरीं

पुणे। विवादों में घिरीं आईएएस पूजा खेडकर की मां मनोरमा खेडकर भी अब मुश्किलों में घिरी हैं। मनोरमा खेडकर की मुश्किल की वजह 2023 का एक वीडियो बना है। पिछले दिनों वायरल हुए इस वीडियो में पूजा खेडकर की मां हाथ में पिस्टल लिए और साथ में बाउंसर्स के साथ लोगों को धमकाती दिखी थीं। इस वीडियो के सामने आने के बाद अब पुणे पुलिस ने मनोरमा खेडकर पर धारा 143, 144, 148, 149, 323, 504, 506 और आर्म्स एक्ट के तहत केस दर्ज कर लिया है। माना जा रहा है कि पुणे पुलिस जल्दी ही पूजा खेडकर की मां को गिरफ्तार कर सकती है। साथ ही पिस्टल का लाइसेंस भी रद्द किया जा सकता है।

वीडियो वायरल होने के बाद इसकी चर्चा है कि जमीन पर कब्जे के लिए पूजा खेडकर की मां मनोरमा खेडकर ने किसानों को धमकी दी थी। इससे पहले मनोरमा खेडकर का एक और वीडियो वायरल हुआ था। उस वीडियो में पूजा खेडकर की मां मीडिया के लोगों को धमकी देती नजर आई थीं। मनोरमा खेडकर उस वीडियो में मीडिया के लोगों से कहती दिखी थीं कि अगर मेरी बेटी ने सुसाइड की, तो आप सबको अंदर करवा दूंगी। बता दें कि पूजा खेडकर के खिलाफ भी तमाम आरोप लगे हैं। इनमें आईएएस सेलेक्शन के दौरान क्रीमी लेयर संबंधी गलत जानकारी देने, बार-बार कहे जाने पर भी एम्स में अपना मेडिकल न कराने और प्रोबेशन के दौरान गाड़ी, मकान और अलग दफ्तर के लिए दबाव डाला जाना शामिल है।

प्रोबेशन के दौरान अपनी मांगों पर जब पूजा खेडकर विवाद में घिरीं, तो उनको पुणे से वाशिम तबादला कर दिया गया। केंद्र सरकार ने भी अब पूजा खेडकर की नियुक्ति में गड़बड़ियों की जांच के लिए एक पैनल का गठन किया है। अगर इस पैनल को पूजा खेडकर पर लगे आरोप सही मिलते हैं, तो उनकी नौकरी भी जा सकती है और आपराधिक केस का सामना भी करना पड़ सकता है। पूजा के पिता भी प्रशासनिक अफसर रह चुके हैं।