April 26, 2026

Hind foucs news

hindi new update

BCCI: कैंसर से जूझ रहे पूर्व क्रिकेटर की सहायता के लिए आगे आई BCCI, जय शाह ने 1 करोड़ की मदद राशि का किया ऐलान

नई दिल्ली। कपिल देव के लगातार प्रयासों ने आखिरकार रंग दिखाया है। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने कैंसर से जूझ रहे पूर्व क्रिकेटर अंशुमान गायकवाड़ की मदद के लिए हाथ बढ़ाया है। BCCI सचिव जय शाह ने गायकवाड़ की बीमारी से लड़ाई में मदद के लिए 1 करोड़ रुपये की राशि मंजूर की है। जय शाह ने BCCI को कैंसर से जूझ रहे अंशुमान गायकवाड़ को तुरंत 1 करोड़ रुपये की वित्तीय सहायता जारी करने का निर्देश दिया। शाह ने गायकवाड़ के परिवार से भी बात की और उनकी मौजूदा स्थिति को समझा और उन्हें हरसंभव मदद का आश्वासन दिया।

कपिल देव के प्रयासों से मिली मदद

गौरतलब है कि विश्व कप विजेता कप्तान कपिल देव ने ब्लड कैंसर से जूझ रहे अपने साथी क्रिकेटर अंशुमान गायकवाड़ की ओर से BCCI से मदद की अपील की थी। 71 वर्षीय गायकवाड़ पिछले एक साल से लंदन के किंग्स कॉलेज अस्पताल में इलाज करा रहे हैं। बीसीसीआई से मदद मांगने के अलावा कपिल देव ने गायकवाड़ के इलाज के लिए अपनी पेंशन भी दान करने का संकल्प लिया था। अब बीसीसीआई ने कपिल देव की अपील स्वीकार कर ली है।

समाचार एजेंसी एएनआई के अनुसार, बीसीसीआई की शीर्ष परिषद ने कहा, “बीसीसीआई सचिव जय शाह ने कैंसर से जूझ रहे पूर्व क्रिकेटर अंशुमान गायकवाड़ की आर्थिक मदद के लिए तत्काल 1 करोड़ रुपये जारी करने का निर्देश दिया है। जय शाह ने गायकवाड़ के परिवार से भी बात की और उनकी स्थिति के बारे में जानकारी ली और उन्हें हरसंभव सहायता का आश्वासन दिया।” बीसीसीआई का यह कदम और कपिल देव के अथक प्रयास क्रिकेट जगत के बीच सौहार्द और समर्थन को दर्शाते हैं।