April 17, 2026

Hind foucs news

hindi new update

जेडीएस नेता सूरज रेवन्ना को मिली सशर्त जमानत, जानिए किस गंभीर आरोप के चलते हुई थी गिरफ्तारी

नई दिल्ली। कर्नाटक के जेडीएस नेता सूरज रेवन्ना को मजिस्ट्रेट कोर्ट ने आज सशर्त जमानत दे दी। सूरज पर उन्हीं की पार्टी जेडीएस के ही एक 27 वर्षीय कार्यकर्ता ने अप्राकृतिक यौन शोषण का आरोप लगाया था। इसी आरोप के चलते सूरज रेवन्ना को बीती 23 जून को गिरफ्तार किया गया था।

सूरज रेवन्ना कर्नाटक की जेडीएस पार्टी के विधायक एच.डी. रेवन्ना के बड़े बेटे हैं। पेशे से डॉक्टर सूरज जेडीएस पार्टी से विधान परिषद सदस्य भी हैं। सूरज के छोटे भाई प्रज्वल रेवन्ना कई महिलाओं के यौन उत्पीड़न मामले में फिलहाल न्यायिक हिरासत में हैं। कर्नाटक पुलिस ने इसी मामले की एक पीड़िता के अपहरण के आरोप में जेडीएस विधायक एच.डी. रेवन्ना को भी गिरफ्तार किया था। हालांकि बाद में उन्हें भी जमानत मिल गई थी।

प्रज्वल रेवन्ना कर्नाटक की हासन लोकसभा सीट से सांसद थे और हाल ही में हुए लोकसभा चुनाव में एक बार फिर उनको टिकट मिला था। मगर चुनाव से पहले ही उनके कई सेक्स वीडियो वायरल हो गए। इसके बाद प्रज्वल रेवन्ना भारत छोड़कर जर्मनी भाग गए थे। यौन उत्पीड़न के गंभीर अरोपों में घिरने के बाद जेडीएस ने उनको पार्टी से निकाल दिया था। उनके दादा और पूर्व प्रधानमंत्री एचडी देवगौड़ा ने एक वीडियो जारी कर प्रज्वल को चेतावनी दी थी कि उनके सब्र की परीक्षा न लें और जहां भी हैं वापस आकर सरेंडर कर दें। इसके बाद प्रज्वल ने अपनी सफाई में कहा था कि ये सारे आरोप राजनीतिक हैं और उन्होंने अपने भारत आने की तारीख भी बताई थी।

प्रज्वल पर लगे इन गंभीर आरोपों के चलते उनके प्रतिष्ठित परिवार को देशभर में बड़ी बदनामी झेलनी पड़ी। उनके चाचा और कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री एचडी कुमारस्वामी ने भी कहा था कि हम प्रज्वल को बचाने का प्रयास नहीं कर रहे हैं अगर प्रज्वल दोषी है तो उसे कड़ी से कड़ी सजा मिलनी चाहिए।