April 26, 2026

Hind foucs news

hindi new update

हरियाणा में विधानसभा चुनाव से पहले सीएम नायब सिंह सैनी ने बड़ा दांव चला, हर फसल को एमएसपी पर खरीदने का एलान

कुरुक्षेत्र। हरियाणा में इसी साल विधानसभा के चुनाव होने वाले हैं। इससे ठीक पहले किसान बहुल हरियाणा के सीएम नायब सिंह सैनी ने रविवार को बड़ा एलान किया है। नायब सिंह सैनी ने एलान किया है कि अब हरियाणा के किसान जो भी फसल उगाएंगे, उनको सरकार एमएसपी पर खरीदेगी। सीएम नायब सिंह सैनी ने इसके अलावा भी किसानों के हित में कई एलान किए हैं। नायब सिंह सैनी की तरफ से किसानों के हित में एमएसपी और अन्य योजनाओं के एलान से विपक्षी दलों के हाथ से उनका बड़ा मुद्दा छिनने के आसार हैं।

कुरुक्षेत्र में बीजेपी की विजय शंखनाद रैली में नायब सिंह सैनी ने कहा कि अभी हरियाणा में सरकार एमएसपी पर 14 फसलें खरीदती है। 9 फसलों की खरीद एमएसपी पर नहीं होती है। अब इन फसलों को भी सरकार एमएसपी पर खरीदेगी। उन्होंने बताया कि बीते 10 साल में बीजेपी की सरकार ने हरियाणा के किसानों से एमएसपी पर 14 फसलें खरीदी हैं। नायब सिंह सैनी ने ये एलान भी किया कि बीजेपी की सरकार ने सिंचाई के लिए नहर का पानी लेने वाले किसानों का 133 करोड़ का बकाया भी माफ करने का फैसला किया है। इससे किसानों के हर साल 54 करोड़ रुपए बचेंगे। हरियाणा के सीएम नायब सिंह सैनी ने ये एलान भी किया कि बिजली का ट्रांसफॉर्मर खराब होने पर उसे बदलने के लिए अब किसानों से सरकार पैसा नहीं लेगी।

बीजेपी की विजय शंखनाद रैली में नायब सिंह सैनी ने किसानों के हित में ये एलान भी किया कि सिरसा, नूंह, रोहतक और फतेहाबाद में बारिश वगैरा के कारण जिन किसानों की फसल नष्ट हुई, उनको एक हफ्ते में 137 करोड़ रुपए का मुआवजा दिया जाएगा। साथ ही सीएम नायब सिंह सैनी ने ये भी बताया कि किसानों को ट्यूबवेल कनेक्शन के लिए कहीं से भी थ्री स्टार मोटर पंप खरीदने की मंजूरी दी गई है। अब तक किसान सिर्फ 10 ही कंपनियों से ट्यूबवेल के लिए मोटर पंप खरीद सकते थे।