कोलकाता के आरजी कर मेडिकल कॉलेज में ट्रेनी डॉक्टर की हत्या के मामले में एक शख्स गिरफ्तार
कोलकाता। कोलकाता के सरकारी आरजी कर मेडिकल कॉलेज में ड्यूटी दे रही ट्रेनी महिला डॉक्टर की रेप और हत्या के मामले में पुलिस ने एक शख्स को गिरफ्तार किया है। ट्रेनी डॉक्टर का शव आरजी कर मेडिकल कॉलेज में शुक्रवार को मिला था। इस मामले में कोलकाता के टाला थाने में केस कर्ज किया गया था। ट्रेनी महिला डॉक्टर की पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में कहा गया है कि उनके शरीर पर चोट के निशान मिले। गुप्तांग से खून बह रहा था। आंखों और मुंह से भी खून निकला था। पेट, बाएं पैर, गर्दन, दाएं हाथ और ओंठों पर भी चोट के निशान मिले। ट्रेनी महिला डॉक्टर की गर्दन की हड्डी भी टूटी मिली।
जानकारी के मुताबिक जिस शख्स को कोलकाता पुलिस ने ट्रेनी महिला डॉक्टर की हत्या के मामले में गिरफ्तार किया है, वो बाहरी है। इस शख्स के बारे में बताया जा रहा है कि आरजी कर मेडिकल कॉलेज के हर विभाग में ये आता-जाता था। पुलिस उससे पूछताछ कर घटना के बारे में और जानकारी जुटा रही है। अब तक मिली खबरों के मुताबिक शुक्रवार तड़के 3 से 6 बजे के बीच महिला को आरोपी ने अपना निशाना बनाया था। ट्रेनी डॉक्टर छाती संबंधी रोग विभाग में थी। वो दूसरे वर्ष की छात्रा थी। बताया जा रहा है कि आरजी कर मेडिकल कॉलेज में गुरुवार की रात उसकी ड्यूटी लगाई गई थी। रात में खाना खाने के बाद ट्रेनी डॉक्टर ऊपर गई और इमरजेंसी भवन के सेमीनार हॉल में उसका रेप करने के बाद हत्या किए जाने की बात सामने आ रही है।
महिला डॉक्टर का शव मिलने के बाद उनके पिता ने आरोप लगाया था कि उनकी बेटी से रेप के बाद हत्या की गई, लेकिन सच्चाई को दबाने की कोशिश हो रही है। पश्चिम बंगाल की सीएम ममता बनर्जी ने ट्रेनी डॉक्टर के माता-पिता को फोन किया। ममता बनर्जी ने भरोसा दिलाया है कि इस मामले में उचित और सख्त कार्रवाई की जाएगी। महिला डॉक्टर का शव आरजी कर मेडिकल कॉलेज में मिलने के बाद छात्र संगठनों ने विरोध में रैली भी निकाली थी। बीजेपी ने इस मामले में मजिस्ट्रेट जांच की मांग की है। वहीं, टीएमसी सांसद शांतनु सेन ने कहा कि उनकी पार्टी निष्पक्ष और विस्तृत जांच चाहती है।
