February 28, 2026

Hind foucs news

hindi new update

‘तलवारें उठाकर आत्मरक्षा का अभ्यास कीजिए…हम भी चरमपंथियों के घेरे में हैं’, मंडी से बीजेपी सांसद कंगना रानौत का पोस्ट, मच सकता है हंगामा

नई दिल्ली। हिमाचल प्रदेश के मंडी से बीजेपी की सांसद कंगना रानौत अपने बयानों के लिए चर्चा और विवाद में रहती हैं। कंगना रानौत ने अब एक्स पर ऐसा पोस्ट किया है, जिससे एक बार फिर हंगामा मच सकता है। कंगना रानौत ने अपने एक्स हैंडल पर किए पोस्ट में कहा है कि अपनी तलवारें उठाकर आत्मरक्षा का अभ्यास कीजिए।

कंगना ने अपने सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा है कि शांति हवा या सूरज की रोशनी में नहीं है, जिसे आप अपना जन्मसिद्ध अधिकार समझते हैं और मानते हैं कि मुफ्त में आपके पास आएगी। कंगना ने इसके बाद महाभारत और रामायण का उदाहरण दिया है। उन्होंने कहा है कि शांति के लिए ही इतिहास में सबसे बड़े युद्ध लड़े गए। कंगना ने इसके बाद ही सुझाव दिया है कि अपनी तलवारें उठाकर उनको धारदार बनाएं और हर दिन लड़ने का अभ्यास करें। कंगना ने लिखा है कि दूसरों के हथियार के सामने झुकना आपकी जंग में अक्षमता का नतीजा नहीं होना चाहिए।

कंगना रानौत ने एक्स पर अपने लंबे पोस्ट में नसीहत दी है कि अगर ज्यादा नहीं, तो हर दिन 10 मिनट ही आत्मरक्षा का अभ्यास करें। बीजेपी सांसद ने लिखा है कि डर कायरता है और भरोसे में समर्पण करना प्रेम है। एक्टर से सांसद बनीं कंगना रानौत ने इजरायल का उदाहरण देते हुए कहा है कि हम भी चरमपंथियों के घेरे में हैं। हमें अपनी जमीन पर लोगों की रक्षा के लिए तैयार रहना चाहिए। कंगना के इस पोस्ट पर विवाद होने के पूरे आसार हैं। हाल ही में कंगना ये कहकर कांग्रेस के निशाने पर आई थीं कि राहुल गांधी नशा करते हैं। इसके अलावा अन्य तमाम मसलों पर भी वो बेबाक राय रखने की वजह से सोशल मीडिया पर निशाना बनती रही हैं। लोकसभा चुनाव में कंगना ने मंडी से कांग्रेस के उम्मीदवार और हिमाचल सरकार में मंत्री विक्रमादित्य सिंह को हराया था। उद्धव ठाकरे सरकार से भी उनकी कानूनी जंग काफी चर्चा में रही थी।