मौसम विभाग ने इन राज्यों में दी भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी, 2 चक्रवातों के कारण येलो अलर्ट जारी किया
नई दिल्ली। मौसम विभाग ने एक बार फिर तमाम राज्यों में भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी दी है। मौसम विभाग के अनुसार बंगाल की खाड़ी और पश्चिम बंगाल के गंगा तटीय इलाकों पर चक्रवात बना हुआ है। इसके अलावा राजस्थान और गुजरात के पास भी चक्रवात जैसी स्थिति है। इस वजह से देश के उत्तरी और मध्य इलाकों में अगले कुछ दिनों तक भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है।
मौसम विभाग के अनुसार दो जगह चक्रवात जैसे हालात बनने के कारण पूर्वी राजस्थान, मध्य भारत के राज्यों मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, गोवा, छत्तीसगढ़ में भारी बारिश होगी। इन सभी राज्यों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग ने ये भी कहा है कि उत्तर भारत स्थित जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, यूपी, दिल्ली, पंजाब, हरियाणा, बिहार, पश्चिम बंगाल, झारखंड में भी कुछ जगह भारी बारिश का येलो अलर्ट है। ओडिशा में शुक्रवार से लगातार कई दिन तक भारी बारिश होने का अनुमान लगाया गया है। तेलंगाना, आंध्र प्रदेश, तमिलनाडु, कर्नाटक और केरल में भी हल्की से मध्यम दर्जे की बारिश हो सकती है। मौसम विभाग का कहना है कि असम समेत पूर्वोत्तर के राज्यों में भी बारिश का ताजा दौर देखने को मिल सकता है।
मौसम विभाग ने पहले ही अनुमान लगाया था कि इस साल मॉनसून के सीजन में देश में काफी बारिश होगी। मौसम विभाग ने कहा था कि इस बार बारिश का दौर इतना ज्यादा होगा कि ये औसत को पार कर जाएगा। मौसम विभाग ने जुलाई से लेकर सितंबर के अंत तक बारिश का अनुमान लगाया है। हालांकि, बीच-बीच में मॉनसून की सक्रियता घट रही है। इस वजह से अभी देश के कई इलाकों में हल्की या मध्यम दर्जे की बारिश ही देखने को मिली है। वैसे हिमाचल, उत्तराखंड गुजरात, महाराष्ट्र, पूर्वोत्तर के राज्यों और दक्षिण भारत में अब तक भारी से बहुत भारी बारिश के कारण भूस्खलन और बाढ़ की स्थिति भी बनी है।
