April 19, 2026

Hind foucs news

hindi new update

आरजी कर मेडिकल कॉलेज के बाद अब मृतक डाक्टर के घर पहुंची सीबीआई टीम

नई दिल्ली। कोलकाता के आरजी कर मेडिकल कॉलेज में गहन छानबीन के बाद अब सीबीआई की टीम मृतक महिला डाक्टर के घर पहुंची है। यहां सीबीआई की टीम मृतका के पीड़ित परिजनों से मिलकर बात करेगी। सूत्रों के मुताबिक डाक्टर की लाश के पास एक फटी हुई डायरी मिली थी, संभावना है कि सीबीआई उस डायरी के संबंध में पीड़ित परिजनों से बात कर सकती है। जो टीम मृतक डाक्टर के घर पहुंची है उसमें दो महिला अफसर भी शामिल हैं। आपको बता दें कि मामले की गंभीरता को देखते हुए सीबीआई की टीम सबूतों की तलाश के लिए हर छोटे से छोटे एंगल से मामले की पड़ताल कर रही है।

इससे पहले आज सुबह ही सीबीआई की टीम 3डी स्कैनर के साथ आरजी कर मेडिकल कॉलेज पहुंची थी और वहां से साक्ष्य जुटाए। दूसरी तरफ इस जघन्य कांड के विरोध में डाक्टरों और मेडिकल स्टूडेंट्स की हड़ताल आज भी जारी है। आंदोलनरत जूनियर डॉक्टरों का कहना है कि हमारी अभी भी मांग है कि जिन लोगों ने इस अपराध को अंजाम दिया है उन्हें कड़ी सजा मिलनी चाहिए और डाक्टरों की सुरक्षा के लिए केंद्रीय संरक्षण अधिनियम को जल्द से जल्द लागू किया जाना चाहिए। जब तक केंद्रीय संरक्षण अधिनियम लागू नहीं होगा तब तक प्रदर्शन जारी रहेगा।

इस बीच, पश्चिम बंगाल के तृणमूल कांग्रेस के नेता कुणाल घोष सीबीआई दफ्तर पहुंचे। उनका कहना है, मैं यहां अपने निजी काम से आया हूं, मुझे कोलकाता से बाहर जाने से पहले एक नोटिफिकेशन के तहत जानकारी देनी होती है, मैं उस जानकारी की सूची लेकर यहां आया हूं। इसके साथ ही कुछ जूनियर डॉक्टरों ने मुझसे संपर्क किया है वो कुछ नोट्स और जानकारी सीबीआई को देना चाहते हैं, लेकिन उनके पास सीबीआई तक की कोई पहुंच नहीं है, इसलिए उन्होंने मुझसे संपर्क किया, अगर यह जानकारी सीबीआई के लिए उपयोगी होगी, तो जूनियर डॉक्टर सहयोग करने के लिए तैयार हैं।