बिहार से दो राज्यसभा सीटों के लिए उपचुनाव, एनडीए से उपेंद्र कुशवाहा और बीजेपी के कोई और होगा उम्मीदवार
नई दिल्ली। बिहार में राज्यसभा की दो सीटों पर उपचुनाव होने जा रहे हैं, जिसमें एनडीए ने अपने उम्मीदवारों की घोषणा कर दी है। आरएलएम अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा को एक सीट से राज्यसभा भेजा जाएगा। इस संबंध में उपेंद्र कुशवाहा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि उनका नामांकन अब 20 अगस्त के बजाय 21 अगस्त को होगा। उपेंद्र कुशवाहा 21 अगस्त को सुबह 11 बजे नामांकन पत्र दाखिल करेंगे।
राज्यसभा उपचुनाव के लिए 21 अगस्त नामांकन का अंतिम दिन है। दूसरी सीट पर बीजेपी का उम्मीदवार मैदान में होगा। प्रदेश इकाई ने संभावित उम्मीदवारों के नाम शॉर्टलिस्ट कर केंद्रीय नेतृत्व को भेज दिए हैं। संभावना है कि आज इस संबंध में उम्मीदवार का नाम घोषित किया जा सकता है।
बिहार में ये दोनों सीटें तब खाली हुईं, जब मीसा भारती और विवेक ठाकुर ने लोकसभा चुनाव जीतकर संसद की सदस्यता ग्रहण की। चुनाव आयोग ने 14 अगस्त को अधिसूचना जारी की थी, जिसमें 21 अगस्त तक नामांकन दाखिल करने की अंतिम तारीख तय की गई है। नामांकन की स्क्रूटनी 22 अगस्त को होगी और 27 अगस्त तक नाम वापसी का समय है।
उपेंद्र कुशवाहा, जो एनडीए के राज्यसभा उम्मीदवार हैं, पिछला लोकसभा चुनाव अपनी काराकाट सीट से हार गए थे। काराकाट सीट वाम दल के राजाराम सिंह ने जीती थी, जिसमें अभिनेता पवन सिंह के निर्दलीय चुनाव लड़ने का भी योगदान रहा। इस हार के बाद एनडीए में अंतरकलह की चर्चाएं भी हुई थीं। अब एनडीए ने उपेंद्र कुशवाहा को राज्यसभा भेजकर उनके असंतोष को कम करने की कोशिश की है। उल्लेखनीय है कि कुशवाहा का एनडीए में आना-जाना लगा रहता है। पहले उन्होंने अपनी पार्टी का जेडीयू में विलय किया, फिर अगल होकर आरएलएम बनाई।
