April 26, 2026

Hind foucs news

hindi new update

राजस्थान में वंदे भारत एक्सप्रेस का हादसा कराने की थी साजिश?, पटरी पर रखे सीमेंट के ब्लॉक से टकराया इंजन; दूसरे दिन भी उसी जगह रखा मिला ब्लॉक

जयपुर। पिछले काफी समय से ट्रेन हादसे हो रहे हैं। इन हादसों के लिए साजिश रचे जाने की भी चर्चाओं ने जोर पकड़ रखा है। बीते दिनों कानपुर के पास ट्रैक पर रखे बोल्डर से एक ट्रेन टकराई थी और धीमी रफ्तार होने की वजह से हादसा बाल-बाल बचा था। इसके बाद कासगंज में भी ट्रेन की पटरी पर पेड़ का तना रखा मिला था। अब ताजा जानकारी राजस्थान से आई है। यहां अहमदाबाद-जोधपुर के बीच चलने वाली वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन पटरी पर रखे सीमेंट के ब्लॉक से टकरा गई। ये घटना राजस्थान के पाली जिले में हुआ। हालांकि, सीमेंट ब्लॉक से टकराने के बाद वंदे भारत एक्सप्रेस का कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ है।

जानकारी के मुताबिक पटरी पर रखे सीमेंट के ब्लॉक से वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन के इंजन की टक्कर की घटना शुक्रवार रात की है। ये घटना पाली जिले के जवाई और बिरोलिया स्टेशनों के बीच हुई। सीमेंट ब्लॉक से वंदे भारत एक्सप्रेस के इंजन का काऊ कैचर टकराया। खास बात ये है कि अगले दिन यानी शनिवार को भी उसी जगह सीमेंट के ब्लॉक रखे मिले। इस मामले में रेलवे ने सुमेरपुर थाने में अज्ञात लोगों पर केस दर्ज कराया है। पुलिस के मुताबिक सीमेंट के जिस ब्लॉक को पटरी पर रखा गया था, वो फुटपाथ बनाने के काम आता है। वंदे भारत एक्सप्रेस का इंजन जिस सीमेंट ब्लॉक से टकराया, उसका वजन करीब 5 किलोग्राम है। सीमेंट ब्लॉक से टकराने के कारण वंदे भारत एक्सप्रेस के इंजन के सामने थोड़ा नुकसान होने की खबर है।

लगातार 2 दिन एक ही जगह रेल की पटरी पर सीमेंट ब्लॉक रखे जाने की घटना के बाद सतर्क हुए अफसरों ने इलाके में निगरानी बढ़ाई है। दूसरे दिन भी शाम के वक्त पटरी पर सीमेंट का ब्लॉक रखा देखा गया। ट्रेन आने से पहले ही सतर्क रेलवे कर्मियों ने उस सीमेंट ब्लॉक को हटा दिया। बता दें कि कानपुर के पास जब ट्रेन पटरी से रखे बोल्डर से टकराई थी, तब रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने जानकारी दी थी कि इसकी जांच पुलिस के अलावा इंटेलिजेंस ब्यूरो यानी आईबी को सौंपी गई है।