August 12, 2026

Hind foucs news

hindi new update

हरियाणा विधानसभा के चुनाव में पहलवान विनेश फोगाट और बजरंग पुनिया का दांव चलेगी कांग्रेस?, राहुल गांधी से दोनों की मुलाकात के बाद चर्चा और तेज

नई दिल्ली। इन चर्चाओं ने जोर पकड़ लिया है कि हरियाणा विधानसभा चुनाव 2024 में कांग्रेस पहलवान विनेश फोगाट और बजरंग पुनिया को टिकट दे सकती है। बजरंग और विनेश के हरियाणा विधानसभा चुनाव लड़ने की चर्चाओं ने जोर इसलिए पकड़ा, क्योंकि दोनों ने बुधवार को राहुल गांधी से मुलाकात की। राहुल गांधी से विनेश फोगाट और बजरंग पुनिया की मुलाकात की फोटो कांग्रेस के एक्स हैंडल से शेयर की गई। इस फोटो में बजरंग पुनिया और विनेश फोगाट के साथ राहुल गांधी मुस्कुराते दिख रहे हैं।

चर्चा इसकी रही है कि विनेश फोगाट को कांग्रेस हरियाणा की दादरी विधानसभा सीट से चुनाव में उतार सकती है। इस सीट से 2019 में विनेश फोगाट की चचेरी बहन बबीता फोगाट ने बीजेपी के टिकट पर चुनाव लड़ा था। बृजभूषण शरण सिंह मामले में पहलवानों के आंदोलन के दौरान विनेश फोगाट और बबीता फोगाट के बीच बयानों की जंग भी चली थी। विनेश फोगाट और बजरंग पुनिया पहले भी कांग्रेस के नेता दीपेंदर हुड्डा से मिलते रहे हैं। इसी वजह से ये चर्चा हो रही कि दोनों अब पहलवानी के बाद सियासत के अखाड़े में दांव-पेच चलने की तैयारी कर रहे हैं

बृजभूषण शरण सिंह पर विनेश फोगाट और साक्षी मलिक ने यौन शोषण का आरोप लगाया था। उन्होंने बजरंग पुनिया के साथ आंदोलन भी किया था। पहलवानों के इस आंदोलन को कांग्रेस ने समर्थन दिया था। खुद राहुल गांधी की बहन प्रियंका गांधी पहलवानों के अनशन स्थल भी पहुंची थीं। विनेश फोगाट ने हाल ही में पेरिस ओलंपिक में भारत की तरफ से हिस्सा लिया था। ओलंपिक में वजन बढ़ जाने के कारण वो फाइनल नहीं खेल सकी थीं। देश लौटने पर खाप पंचायतों की तरफ से विनेश फोगाट को गोल्ड मेडल दिया गया था। बीते दिनों विनेश फोगाट किसानों के आंदोलन स्थल पर भी गई थीं। वहां उन्होंने किसानों की मांगों को जायज बताया था और कहा था कि सरकार को इन्हें मान लेना चाहिए।