तीन खानदान जम्मू-कश्मीर की बर्बादी के जिम्मेदार, डोडा रैली में कांग्रेस, एनसी और पीडीपी पर बरसे पीएम नरेंद्र मोदी
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज जम्मू-कश्मीर के डोडा में एक चुनावी सभा को संबोधित किया। 42 साल के इतिहास में ऐसा पहली हुआ है जब किसी प्रधानमंत्री ने डोडा जाकर वहां रैली की है। पीएम ने लोगों से कहा कि मैं आपके इस प्यार और आशीर्वाद का बदला आपके और देश के लिए दोगुनी और तिगुनी मेहनत से चुकाऊंगा। हम सब मिलकर एक सुरक्षित और समृद्ध जम्मू-कश्मीर बनाएंगे और यह मोदी की गारंटी है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कांग्रेस, नेशनल कांफ्रेंस और पीडीपी पर निशाना साधते हुए कहा, तीन खानदान जिसमें एक खानदान कांग्रेस का, दूसरा नेशनल कांफ्रेंस और तीसरा पीडीपी का है, इन तीन खानदानों ने मिलकर जम्मू कश्मीर में आप लोगों के साथ जो किया है वह किसी पाप से कम नहीं है। ये तीनों खानदान जम्मू-कश्मीर को सालों तक बर्बाद करने के लिए ज़िम्मेदार हैं। जम्मू कश्मीर का यह विधानसभा चुनाव तीन खानदानों और जम्मू-कश्मीर के नौजवानों के बीच में है। एक तरफ ये तीन खानदान हैं और दूसरी तरफ सपने लेकर निकल पड़े मेरे नौजवान बेटे और बेटियां हैं।
मोदी ने कहा कि इन तीनों खानदानों के गुनाहों के कारण हमारे हजारों बच्चों की यहां जान चली गई। यह चंद्रभागा घाटी सालों साल चले आतंक के खून खराबे के उस दौर की गवाह रही है। दिन ढलते ही अघोषित कर्फ्यू लग जाता था। सारा कारोबार ठप हो जाता था। हालात यह थी तब कांग्रेस सरकार के गृहमंत्री लाल चौक जाने से डरते थे। जम्मू कश्मीर में आतंकवाद अब अपनी अंतिम सांसे गिन रहा है।
प्रधानमंत्री बोले, 2014 में सरकार में आने के बाद मैंने जम्मू-कश्मीर में नौजवानों की नई लीडरशिप को आगे लाने का प्रयास किया है। 2018 में यहां पंचायत के चुनाव कराए गए। 2020 में पहली बार बीडीसी के चुनाव कराए गए। मेरी कोशिश थी कि डेमोक्रेसी जमीन तक पहुंचे और युवा आगे बढ़ें।
