March 31, 2026

Hind foucs news

hindi new update

‘हरियाणा में बीजेपी की सरकार बनाने के लिए समर्थन कर सकते हैं अरविंद केजरीवाल…

नई दिल्ली। कांग्रेस के नेता राशिद अल्वी ने आरोप लगाया है कि हरियाणा विधानसभा चुनाव में कांग्रेस को नुकसान पहुंचाने के लिए बीजेपी की केंद्र सरकार ने अपनी एजेंसियों से कहकर अरविंद केजरीवाल को जमानत दिलाई। राशिद अल्वी ने कहा कि ऐसा इसलिए किया गया, ताकि अरविंद केजरीवाल कांग्रेस के खिलाफ हरियाणा विधानसभा चुनाव के दौरान प्रचार कर सकें। उन्होंने आरोप लगाया कि अरविंद केजरीवाल ऐसा ही कर रहे हैं। राशिद अल्वी ने कहा कि हरियाणा में कांग्रेस को किसी का साथ नहीं चाहिए। राशिद अल्वी ने दावा किया कि कांग्रेस अपने दम पर ही हरियाणा में सरकार बनाएगी। राशिद अल्वी ने कहा कि अरविंद केजरीवाल ने कहा है कि हरियाणा में आम आदमी पार्टी की मदद के बिना सरकार नहीं बनेगी। कांग्रेस नेता ने कहा कि इसका अर्थ ये है कि अरविंद केजरीवाल बीजेपी का भी समर्थन कर सकते हैं।

बता दें कि अरविंद केजरीवाल की आम आदमी पार्टी विपक्ष के उस इंडी गठबंधन का हिस्सा है, जिसने लोकसभा चुनाव मिलकर लड़ा था। दिल्ली की लोकसभा सीटों पर आम आदमी पार्टी और कांग्रेस का गठबंधन हुआ था, लेकिन दोनों को एक भी सीट पर जीत हासिल नहीं हुई। हरियाणा विधानसभा चुनाव में भी राहुल गांधी चाहते थे कि आम आदमी पार्टी से गठबंधन हो, लेकिन कांग्रेस और अरविंद केजरीवाल की पार्टी के बीच कई दौर की बातचीत के बावजूद गठबंधन नहीं हो सका। इसके बाद अरविंद केजरीवाल ने हरियाणा विधानसभा चुनाव में सभी 90 सीट पर उम्मीदवार उतारे और जेल से बाहर आने के बाद प्रचार में जुटे हैं।

अरविंद केजरीवाल की आम आदमी पार्टी ने 2019 में हरियाणा का विधानसभा चुनाव लड़ा था। 43 सीटों में से एक पर भी आम आदमी पार्टी का प्रत्याशी नहीं जीता था। उसके सभी उम्मीदवारों की जमानत तक जब्त हुई थी। पिछली बार हरियाणा विधानसभा चुनाव में बीजेपी को 40, कांग्रेस को 31 और जेजेपी को 10 सीट मिली थी। जेजेपी के समर्थन से बीजेपी ने लगातार दूसरी बार हरियाणा में सरकार बनाई थी।