June 27, 2026

Hind foucs news

hindi new update

हरियाणा विधानसभा चुनाव के लिए आज प्रचार का अंतिम दिन, जानिए कहां-कहां ताल ठोक रहे दिग्गज उम्मीदवार?

चंडीगढ़। हरियाणा विधानसभा चुनाव 2024 के लिए 5 अक्टूबर को वोटिंग होनी है। हरियाणा विधानसभा चुनाव के लिए आज प्रचार का आखिरी दिन है। हरियाणा में 10 साल से बीजेपी सत्ता पर काबिज है। वहीं, उसे हटाने के लिए कांग्रेस एड़ी और चोटी का जोर लगा रही है। इन दो पार्टियों के अलावा आईएनएलडी, बीएसपी, जेजेपी और आम आदमी पार्टी भी मैदान में हैं। हरियाणा विधानसभा चुनाव में कई दिग्गज और नामचीन लोग भी मैदान में उतरकर किस्मत आजमा रहे हैं। हरियाणा की गढ़ी सांपला सीट पर कांग्रेस ने पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा को टिकट दिया है। वहीं, बीजेपी ने रोहतक के गैंगस्टर सरकारी की पत्नी मंजू हुड्डा को प्रत्याशी बनाया है। दोनों के बीच गढ़ी सांपला में सीधा मुकाबला होने के आसार हैं।

हरियाणा विधानसभा की लाडवा सीट पर मौजूदा सीएम और बीजेपी प्रत्याशी नायब सिंह सैनी हैं। यहां कांग्रेस ने मेवा सिंह को सीएम नायब सिंह सैनी के खिलाफ मैदान में उतारा है। जेजेपी अध्यक्ष दुष्यंत चौटाला उचाना सीट से किस्मत आजमा रहे हैं। हरियाणा की जुलाना सीट पर कांग्रेस की प्रत्याशी और पहलवान विनेश फोगाट मैदान में उतरी हैं। यहां उनका मुकाबला बीजेपी और आम आदमी पार्टी के प्रत्याशियों से होना है। अंबाला कैंट सीट से बीजेपी ने फिर पूर्व गृह मंत्री अनिल विज को टिकट दिया है। अनिल विज इस सीट को 2009 से लगातार जीत रहे हैं। हरियाणा की तोशाम सीट पर बीजेपी ने पूर्व सीएम बंसीलाल की पौत्री और किरण चौधरी की बेटी श्रुति चौधरी को मैदान में उतारा है। आदमपुर सीट से पूर्व सीएम भजनलाल के पौत्र भव्य बिश्नोई को बीजेपी ने उम्मीदवार बनाया है।

हरियाणा विधानसभा चुनाव 2024 को जीतने के लिए सत्तारूढ़ बीजेपी और कांग्रेस के बीच जमकर टक्कर हो रही है। एक तरफ पीएम नरेंद्र मोदी ने लगातार हरियाणा में जनसभाएं की, तो कांग्रेस की तरफ से राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा मैदान में उतरे। राहुल और प्रियंका हरियाणा में जगह-जगह पदयात्रा करते नजर आए। हरियाणा विधानसभा चुनाव का नतीजा 8 अक्टूबर को आएगा। उस तारीख को पता चलेगा कि जनता ने किसे अपना आशीर्वाद दिया है।