April 26, 2026

Hind foucs news

hindi new update

एक्टर गोविंदा को गोली लगने के मामले में बड़ा झोल!, इन दो अहम सवालों का जवाब तलाश रही मुंबई पुलिस

मुंबई। एक्टर गोविंदा को गोली लगने के मामले में बड़ा झोल सामने आ रहा है! गोविंदा पिछले दिनों गोली लगने से घायल हो गए थे। वो अभी मुंबई के एक हॉस्पिटल में हैं। गोविंदा को गोली लगने के मामले में मुंबई पुलिस जांच कर रही है। मुंबई पुलिस 2 अहम सवाल गोविंदा से पूछ रही है, लेकिन इनका जवाब एक्टर ठीक से नहीं दे पा रहे हैं। मुंबई पुलिस का पहला अहम सवाल ये है कि जब गोविंदा के पास 0.32 एमएम बोर की रिवॉल्वर है, तो उनको 9 एमएम की गोली आखिर कैसे लगी? 9 एमएम प्रतिबंधित बोर का कारतूस होता है और पुलिस व सेना ही इसे इस्तेमाल कर सकती है।

गोविंदा से मुंबई पुलिस ये भी जानना चाहती है कि जब उनकी रिवॉल्वर जमीन पर गिरने से गोली चली, तो ये गोली उनके घुटने के नीचे ही किस तरह लगी? जबकि, गोली को फर्श के क्षैतिज यानी हॉरिजेंटल जाना चाहिए। सूत्रों के मुताबिक मुंबई पुलिस के इन दोनों ही सवालों पर गोविंदा सिर्फ ये कह रहे हैं कि एक्सीडेंटल फायरिंग में उनको गोली लगी और रिवॉल्वर हाथ से गिरने के कारण हादसा हुआ। मुंबई पुलिस गोविंदा से ये भी जानना चाहती है कि उन्होंने घर में रिवॉल्वर को लोडेड क्यों रखा था? ऐसा शक भी जताया जा रहा है कि घटना के वक्त गोविंदा के साथ कोई और भी घर में था, लेकिन एक्टर का कहना है कि हादसे के वक्त वो अकेले ही थे।

एक्टर गोविंदा को गोली लगने के मामले में उनके मैनेजर ने बयान जारी किया था। गोविंदा के मैनेजर ने बताया था कि एक्टर कोलकाता जाने वाले थे। घर से निकलने से पहले वो रिवॉल्वर को अलमारी में रखने जा रहे थे। तभी अचानक रिवॉल्वर गोविंदा के हाथ से गिर गया और गोली चल गई। मैनेजर ने मीडिया को बताया था कि गोली लगने के बाद गोविंदा ने उनको फोन कर बुलाया। साथ ही घर में रहने वाले भाई कीर्ति कुमार को भी जानकारी दी। जिसके बाद गोविंदा को हॉस्पिटल ले जाया गया। गोविंदा को गोली लगने की जानकारी भी मुंबई पुलिस को हॉस्पिटल ने दी थी। जबकि, उनके घरवालों को इस घटना की सूचना देनी चाहिए थी।