June 28, 2026

Hind foucs news

hindi new update

उमर अब्दुल्ला बने जम्मू कश्मीर के मुख्यमंत्री, सुरिंदर कुमार चौधरी ने ली डिप्टी सीएम की शपथ

नई दिल्ली। जम्मू कश्मीर में धारा 370 हटने के बाद वहां की अवाम द्वारा उनके मताधिकार से चुनी हुई सरकार का आज शपथ ग्रहण हुआ। नेशनल कांफ्रेंस के उपाध्यक्ष उमर अब्दुल्ला ने जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री पद की अंग्रेजी में शपथ ली। उमर अब्दुल्ला दूसरी बार प्रदेश की कमान संभाल रहे हैं। पहली बार उमर को जनवरी 2009 में प्रदेश का मुख्यमंत्री चुना गया था, उन्होंने जनवरी 2015 तक प्रदेश की बागडोर संभाली थी। वहीं जम्मू कश्मीर के केंद्र शासित प्रदेश बनने के बाद उमर अब्दुल्ला वहां के पहले मुख्यमंत्री बने हैं। उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने उमर अब्दुल्ला और उनके मंत्रिमंडल में शामिल लोगों को शपथ दिलाई।

सरकार में इस बार जम्मू का भी विशेष ध्यान रखा गया है। नेशनल कांफ्रेंस के विधायक सुरिंदर कुमार चौधरी को जम्मू कश्मीर का उप मुख्यमंत्री बनाया गया है। सुरिंदर चौधरी ने जम्मू संभाग की नौशेरा विधानसभा से चुनाव लड़कर बीजेपी नेता रविंदर रैना को हराया है। सीएम और डिप्टी सीएम के अलावा सरकार में चार कैबिनेट मंत्रियों सतीश शर्मा, सकीना येतू, जावेद डार और जावेद राणा ने भी आज शपथ ग्रहण की। जम्मू कश्मीर सरकार के इस शपथ ग्रहण कार्यक्रम में इंडिया गठबंधन के कई बड़े नेता भी शामिल हुए। कांग्रेस सांसद राहुल गांधी, उनकी बहन और वायनाड लोकसभा सीट से प्रत्याशी प्रियंका गांधी वाड्रा, सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव, सीपीआई (एम) के वरिष्ठ नेता डी राजा, आम आदमी पार्टी के सांसद संजय सिंह, पीडीपी प्रमुख महबूबा मुफ्ती समेत कई गणमान्य लोग शपथ ग्रहण के साक्षी बने।

उमर अब्दुल्ला सरकार में कांग्रेस का कोई भी विधायक मंत्रिमंडल में शामिल नहीं हुआ है। ऐसा माना जा रहा है कि कांग्रेस सरकार में दो कैबिनेट मंत्री के पद चाह रही थी जबकि नेशनल कांफ्रेंस एक पद देने को तैयार थी। इसी बात को लेकर कांग्रेस ने उमर सरकार को बाहर से समर्थन दिया है। आपको बात दें कि नेशनल कांफ्रेंस, कांग्रेस और सीपीआई (एम) ने गठबंधन कर चुनाव लड़ा था जिसमें एनसी 42, कांग्रेस 6 और सीपीआई (एम) 1 सीट पर जीती।