इस तारीख से होगी सीबीएसई की 10वीं और 12वीं की परीक्षा, यहां जानिए डेट शीट और प्रैक्टिकल एक्जाम के बारे में डीटेल
नई दिल्ली। सीबीएसई के 44 लाख छात्रों के लिए अगले दो कुछ महीने अहम होने वाले हैं। सीबीएसई ने जानकारी दी है कि वो 2025 की 10वीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षाएं 15 फरवरी से लेगा। इसकी डेट शीट भी दिसंबर 2024 में सीबीएसई जारी करने वाला है। सीबीएसई पहले ही 10वीं और 12वीं की प्रैक्टिकल परीक्षा की तारीखें स्कूलों को भेज चुका है। सीबीएसई की 10वीं और 12वीं बोर्ड परीक्षा की डेट शीट छात्रों को cbse.gov.in पर मिलेगी।
सीबीएसई ने 10वीं और 12वीं की प्रैक्टिकल परीक्षाओं के लिए 5 नवंबर 2024 से 5 दिसंबर 2024 की तारीख तय तय की है। कुछ स्कूलों में 1 जनवरी 2025 से प्रैक्टिकल परीक्षाएं होंगी। इन तारीखों के बीच ही सीबीएसई से जुड़े 8000 स्कूलों में प्रैक्टिकल की परीक्षा होगी। इसके अलावा सीबीएसई ने स्कूलों को निर्देश दिया है कि वो इंटरनल असेसमेंट और छात्रों से प्रोजेक्ट वगैरा लेने का काम भी 5 दिसंबर तक हर हाल में पूरा कर लें। सीबीएसई ने स्कूलों से ये भी कहा है कि जिन छात्रों की अटेंडेंस 75 फीसदी से कम होगी, उनको 10वीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षा नहीं देने दी जाएगी। इसके लिए सीबीएसई के अफसर अचानक स्कूलों का दौरा कर देखेंगे कि कौन से छात्र बिना अनुमति के गैरहाजिर हैं।
अगर सीबीएसई की 10वीं और 12वीं बोर्ड परीक्षा के डेट शीट की बात करें, तो 2024 के फरवरी और मार्च में हुए एक्जाम के लिए दिसंबर 2023 के मध्य में इसे जारी किया गया था। वहीं, 2023 की परीक्षा के लिए दिसंबर 2022 में सीबीएसई ने डेट शीट जारी की थी। ऐसे में दिसंबर में सीबीएसई की तरफ से 10वीं और 12वीं परीक्षा की डेट शीट जारी होने की संभावना है। छात्रों को परीक्षा के लिए तैयार करने के वास्ते सीबीएसई ने cbseacademic.nic.in पोर्टल पर सैंपल पेपर जारी कर दिए हैं। इनमें परीक्षा के पैटर्न, मार्किंग, सवालों के तरीके वगैरा की जानकारी दी गई है।
