सलमान खान पर फिर लगे गंभीर आरोप, लॉरेंस बिश्नोई के भाई का दावा—‘ब्लैंक चेक’ से सलमान खान ने की थी झगड़े को सुलझाने की कोशिश
नई दिल्ली। बॉलीवुड सुपरस्टार सलमान खान को गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई से कई बार जान से मारने की धमकियां मिल चुकी हैं। इसकी वजह है 1998 का काला हिरण शिकार मामला, जिसमें सलमान खान के शामिल होने के आरोप लगाए गए थे। बिश्नोई समुदाय के लिए पवित्र माने जाने वाले काले हिरण की हत्या को लेकर लॉरेंस बिश्नोई ने सलमान के खिलाफ खुला मोर्चा खोल दिया है।
हालांकि सलमान खान ने इन आरोपों को सिरे से खारिज किया है, लेकिन हाल ही में लॉरेंस बिश्नोई के चचेरे भाई रमेश बिश्नोई ने एक इंटरव्यू में दावा किया कि अभिनेता ने पहले इस मामले को ‘ब्लैंक चेक’ देकर खत्म करने की कोशिश की थी। रमेश ने कहा कि सलमान, बिश्नोई समुदाय के नेताओं से मिलने खाली चेकबुक लेकर पहुंचे थे, ताकि वे मुआवजे के रूप में जो रकम चाहें, उसे भर सकें। रमेश ने यह भी जोड़ा, “अगर हमें पैसे चाहिए होते, तो हमने यह प्रस्ताव स्वीकार कर लिया होता।”
सलीम खान का आरोप और बिश्नोई का जवाब
सलमान के पिता सलीम खान ने अपने बेटे पर लगे इन आरोपों का बचाव करते हुए कहा कि लॉरेंस बिश्नोई पैसों के लिए सलमान को टारगेट कर रहा है। इस पर रमेश बिश्नोई ने जवाब देते हुए कहा कि यह झगड़ा पैसों के लिए नहीं, बल्कि विचारधारा से जुड़ा है। उनका कहना है कि “हमारा खून खौल रहा था उस वक्त। लॉरेंस के पास भारत में 110 एकड़ जमीन थी और वह इतना संपन्न था कि उसे किसी भी तरह की जबरन वसूली की जरूरत नहीं थी।”
क्या है काला हिरण शिकार मामला?
1998 में जोधपुर में हुई काले हिरण की हत्या के मामले में सलमान खान पर आरोप लगे थे। उस वक्त अभिनेता फिल्म ‘हम साथ साथ हैं’ की शूटिंग के लिए वहां गए थे। फिल्म में उनके साथ सैफ अली खान, सोनाली बेंद्रे और नीलम कोठारी भी थीं। इस केस की सुनवाई पिछले 25 सालों से चल रही है और सलमान खान फिलहाल जमानत पर हैं। बिश्नोई समुदाय काले हिरण को पवित्र मानता है और सलमान से इस कार्रवाई के लिए माफी मांगने की लगातार मांग करता आ रहा है।
