महाराष्ट्र में कांग्रेस को बड़ा झटका, बाबा सिद्दीकी के बेटे जीशान सिद्दीकी ने थामा एनसीपी का दामन, बांद्रा ईस्ट से बने उम्मीदवार
नई दिल्ली। दिवंगत एनसीपी नेता बाबा सिद्दीकी के बेटे और मुंबई यूथ कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष ज़ीशान सिद्दीकी ने अपने पिता की राह पर चलते हुए अजीत पवार गुट की एनसीपी का दामन थाम लिया है। एनसीपी में शामिल होते ही उन्हें बांद्रा ईस्ट सीट से पार्टी का उम्मीदवार घोषित कर दिया गया। इस अवसर पर एनसीपी के प्रमुख अजीत पवार समेत पार्टी के कई सीनियर नेता भी मौजूद रहे।
जीशान सिद्दीकी ने जीत का किया दावा
एनसीपी में शामिल होने के बाद जीशान सिद्दीकी ने इसे अपने और अपने परिवार के लिए एक भावनात्मक दिन बताया। उन्होंने कहा, “इस कठिन समय में मुझ पर विश्वास जताने के लिए मैं अजीत पवार, प्रफुल्ल पटेल और सुनील तटकरे का आभारी हूं। मुझे बांद्रा ईस्ट से टिकट मिला है और मुझे यकीन है कि सभी लोगों के प्यार और समर्थन से मैं बांद्रा ईस्ट फिर से जरूर जीतूंगा।”
कांग्रेस पर धोखा देने का आरोप
जीशान सिद्दीकी ने कांग्रेस पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि महाविकास आघाड़ी ने बांद्रा ईस्ट सीट शिवसेना (UBT) को सौंप दी, जो कि दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने कहा, “कई दिनों से कांग्रेस और महाविकास आघाड़ी के नेता मेरे संपर्क में थे। कुछ लोग कह रहे थे कि इसे निर्विरोध बनाएंगे, कुछ कह रहे थे कि इंतजार करो। लेकिन अंत में धोखा देना उनके स्वभाव में है।” उन्होंने आगे कहा कि उनके पिता का सपना था कि बांद्रा ईस्ट सीट जीती जाए और वे इस सपने को पूरा करेंगे। “मेरे पिता की हत्या उनके इस संघर्ष के दौरान हुई थी, और मेरी रगों में उनका खून है। मैं उनकी लड़ाई जारी रखूंगा और इस सीट को रिकॉर्ड वोटों से जीतूंगा,” उन्होंने दावा किया।
बीजेपी के दो नेता भी हुए एनसीपी में शामिल
एनसीपी के इस कार्यक्रम में भाजपा के दो नेताओं ने भी पाला बदल लिया। भाजपा नेता निशिकांत भोसले पाटिल और पूर्व सांसद संजयकाका पाटिल एनसीपी में शामिल हो गए। अजीत पवार की मौजूदगी में दोनों नेताओं को उनके निर्वाचन क्षेत्रों के लिए एबी फॉर्म सौंपे गए। निशिकांत भोसले इस्लामपुर से और संजयकाका पाटिल तासगांव से महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव 2024 में एनसीपी के उम्मीदवार होंगे। बांद्रा ईस्ट सीट के लिए ज़ीशान सिद्दीकी की उम्मीदवारी से मुकाबला और भी दिलचस्प हो गया है, जहां उन्होंने अपनी जीत का भरोसा जताया है।
