महाराष्ट्र में बागियों को मनाने में जुटे राजनीतिक दल, अंतिम दिन इन लोगों ने वापस लिया नामांकन
नई दिल्ली। महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव के लिए उम्मीदवारों का नाम वापस लेने का आज अंतिम दिन है, ऐसे में सभी दल अपने अपने बागी नेताओं जिन्होंने पार्टी के खिलाफ जाकर निर्दलीय नामांकन किया है उनको मनाने में जुटे हैं। कुछ नेताओं की नाराजगी दूर हो गई है उन्होंने अपना नाम वापस भी ले लिया है।
इसी क्रम में पहला नाम बीजेपी के नाराज नेता गोपाल शेट्टी का है जिन्होंने बोरीवली विधानसभा सीट से बतौर निर्दलीय उम्मीदवार अपना नामांकन वापस ले लिया। गोपाल शेट्टी ने बीजेपी के आधिकारिक उम्मीदवार संजय उपाध्याय के खिलाफ नामांकन दाखिल किया था। आज केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल से मुलाकात के बाद शेट्टी की नाराजगी दूर हो गई और उन्होंने नाम वापस ले लिया है।
गोपाल शेट्टी ने कहा कि बीजेपी से कभी कोई मतभेद नहीं था। किसी खास मुद्दे से जुड़ी कुछ बातें थीं, मुझे लगता है कि बात अब सही जगह पर पहुंच गई है। इसलिए मैंने नामांकन वापस लेने का फैसला किया है। शेट्टी ने कहा कि क्या हुआ और कैसे हुआ, ये बताने की जरूरत नहीं है, लेकिन मैं कहूंगा कि पार्टी सर्वोच्च है, पार्टी से बड़ा कोई नेता नहीं होता है।
वहीं, अंधेरी ईस्ट विधानसभा सीट से निर्दलीय उम्मीदवार के तौर पर पर्चा दाखिल करने वाली शिवसेना शिंदे गुट की बागी स्वीकृति शर्मा ने भी अपना नामांकन वापस ले लिया है। एनकाउंटर स्पेशलिस्ट प्रदीप शर्मा की पत्नी स्वीकृति शिवसेना उम्मीदवार मुरजी पटेल को चुनाव में टक्कर देने जा रही थीं मगर अब वो चुनाव नहीं लड़ेंगी।
दूसरी तरफ मराठा आरक्षण आंदोलन के अगुवा मनोज जरांगे पाटिल ने बड़ा फैसला करते हुए ऐलान किया है कि विधानसभा चुनाव में दाखिल किए गए उनके सभी 15 लोगों के नामांकन वापस लेंगे और फिलहाल चुनाव नहीं लड़ेंगे। इससे पहले पाटिल ने 25 सीटों पर चुनाव लड़ने का ऐलान किया था जिनमें से 15 सीटों पर उनके कैंडिडेट्स ने नामांकन पत्र भर दिया था।
