हिरासत में लिए गए साउथ इंडस्ट्री के सुपरस्टार अल्लू अर्जुन, ‘पुष्पा 2’ की स्क्रीनिंग में भगदड़ से महिला की मौत का मामला
नई दिल्ली। हैदराबाद से बड़ी खबर सामने आई है। सुपरस्टार अल्लू अर्जुन को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। यह मामला 4 दिसंबर को संध्या थिएटर में उनकी फिल्म ‘पुष्पा 2’ की स्क्रीनिंग के दौरान हुई भगदड़ से जुड़ा है। इस घटना में एक महिला की मौत हो गई थी। अल्लू अर्जुन को शुक्रवार को चिक्कडपल्ली पुलिस स्टेशन की टीम ने हिरासत में लिया। अभिनेता पर थिएटर में हुई भगदड़ और सुरक्षा में लापरवाही का आरोप है। पुलिस के अनुसार, अर्जुन को आज मजिस्ट्रेट के सामने पेश किया जाएगा।
क्या है पूरा मामला?
घटना 4 दिसंबर को हैदराबाद के संध्या थिएटर में हुई, जहां अल्लू अर्जुन की फिल्म ‘पुष्पा 2’ की स्पेशल स्क्रीनिंग हो रही थी। अपने पसंदीदा अभिनेता की एक झलक पाने के लिए बड़ी संख्या में लोग थिएटर में इकट्ठा हुए। भारी भीड़ के चलते वहां भगदड़ मच गई, जिसमें 39 वर्षीय रेवती नामक महिला की दम घुटने से मौत हो गई। महिला के साथ उसका 8 वर्षीय बेटा भी था, जिसे गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया।
परिवार की शिकायत के बाद मामला दर्ज
रेवती के परिवार ने इस घटना को लेकर पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने 5 दिसंबर को अल्लू अर्जुन, उनकी सुरक्षा टीम और थिएटर मैनेजमेंट के खिलाफ मामला दर्ज किया। पुलिस का कहना है कि कार्यक्रम में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम नहीं किए गए थे, जिससे यह दुखद घटना हुई।
प्रशंसकों में हलचल
अल्लू अर्जुन की गिरफ्तारी से उनके प्रशंसकों में हलचल मच गई है। सोशल मीडिया पर भी यह मामला चर्चा का विषय बना हुआ है। अभिनेता की ओर से अभी तक इस मामले पर कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।
