April 19, 2026

Hind foucs news

hindi new update

‘दिल्ली की सीएम आतिशी की गिरफ्तारी होने वाली है’, अरविंद केजरीवाल का दावा

नई दिल्ली। क्या दिल्ली की सीएम आतिशी गिरफ्तार होने वाली हैं? आम आदमी पार्टी के संयोजक और दिल्ली के पूर्व सीएम अरविंद केजरीवाल का यही दावा है। अरविंद केजरीवाल ने एक्स पर पोस्ट कर ये दावा किया है कि केंद्र सरकार ने दिल्ली की सीएम आतिशी को गिरफ्तार करने का प्लान बनाया है। अरविंद केजरीवाल का कहना है कि महिला सम्मान और संजीवनी योजना से बीजेपी बौखला गई है। अरविंद केजरीवाल ने ये दावा भी किया है कि आतिशी को गिरफ्तार करने से पहले आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के यहां छापे मारे जाएंगे।

अरविंद केजरीवाल पहली बार ऐसा दावा नहीं कर रहे हैं। काफी पहले भी उन्होंने दावा किया था कि आतिशी को गिरफ्तार करने की तैयारी है। उस वक्त अरविंद केजरीवाल दिल्ली के सीएम थे। दिल्ली का सीएम रहते अरविंद केजरीवाल आए दिन ये दावा करते थे कि कथित शराब घोटाला में मनीष सिसोदिया को गिरफ्तार कर जेल भेजने के बाद केंद्र सरकार उनको गिरफ्तार करने की योजना बना रही है। हालांकि, अरविंद केजरीवाल को ईडी ने तब गिरफ्तार किया, जब दिल्ली हाईकोर्ट ने आम आदमी पार्टी के संयोजक की अर्जी खारिज करते हुए जांच एजेंसी को कार्रवाई की छूट दी। आतिशी पर फिलहाल कोई आरोप नहीं है। ऐसे में सवाल ये है कि किस आधार पर अरविंद केजरीवाल ने आतिशी को गिरफ्तार किए जाने का ये दावा किया?

दिल्ली में फरवरी 2025 में विधानसभा के चुनाव होने जा रहे हैं। अरविंद केजरीवाल तीसरी बार दिल्ली में आम आदमी पार्टी की सरकार बनते देखना चाहते हैं। उनको बीजेपी और कांग्रेस से चुनौती मिल रही है। अरविंद केजरीवाल कथित शराब घोटाला और सीएम हाउस में करोड़ों का खर्च करने के आरोप में घिरे हैं। उनके करीबी मनीष सिसोदिया भी इस मामले में घिरे। जबकि, एक और मंत्री रहे सत्येंद्र जैन भी हवाला मामले में जेल जा चुके हैं। अरविंद केजरीवाल के एक और करीबी विधायक अमानतुल्लाह खान को भी जेल जाना पड़ा था।