June 29, 2026

Hind foucs news

hindi new update

मौसम विभाग ने कई राज्यों में शीतलहर की चेतावनी दी, घना कोहरा भी बढ़ा रहा ठंड

नई दिल्ली। पश्चिमी विक्षोभ के कारण पहाड़ों पर बर्फबारी और दिल्ली समेत कई राज्यों में हुई हल्की से मध्यम बारिश ने ठंड बढ़ा दी है। हवा की रफ्तार तेज होने के कारण ठंड में लगातार इजाफा हो रहा है। मौसम विभाग ने अब अगले कुछ दिनों के लिए भविष्यवाणी की है। दिल्ली और आसपास के इलाकों के बारे में मौसम विभाग का कहना है कि ज्यादातर जगह घना कोहरा रहेगा। दिन में आसमान साफ रहने की उम्मीद मौसम विभाग ने जताई है। मौसम विभाग के अनुसार दिल्ली और आसपास न्यूनतम तापमान 9 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है। यूपी के बारे में मौसम विभाग का कहना है कि यहां 65 जिलों में घना कोहरा छा सकता है। इसकी वजह से आने वाले दिनों में तापमान में और गिरावट आ सकती है।

बिहार में अगले कुछ दिन में तापमान और नीचे आ सकता है। यहां 1 जनवरी तक कई जिलों में शीतलहर का प्रकोप लोगों को झेलना पड़ सकता है। मौसम विभाग ने बताया है कि राजस्थान की राजधानी जयपुर समेत कई जिलों में घना कोहरा होने के आसार हैं। पंजाब में घना कोहरा देखने को मिल रहा है। यहां अधिकतम तापमान भी सामान्य से नीचे दर्ज हो रहा है। ये 16 से 17 डिग्री सेल्सियस के बीच बना हुआ है। जबकि, हरियाणा में भी कड़ाके की ठंड है। यहां अधिकतम तापमान 13 से 15.8 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया है। अगले कुछ दिन हरियाणा में भी तमाम जगह शीतलहर की स्थिति बने रहने का मौसम विभाग ने अनुमान लगाया है।

मौसम विभाग पहले ही बता चुका है कि इस साल ला नीना के प्रभाव के कारण कड़ाके की ठंड पड़ने वाली है। हालांकि, दिसंबर के पहले दो हफ्ते तक तापमान में ज्यादा गिरावट नहीं आई थी। इसके बाद आए पश्चिमी विक्षोभ के कारण पहाड़ी राज्यों जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में जमकर बर्फबारी हुई। इस बर्फबारी के कारण इन तीनों राज्यों के साथ ही मैदानी इलाकों के राज्यों में भी ठंड का प्रकोप लगातार बढ़ता जा रहा है। आने वाले समय में कई और पश्चिमी विक्षोभ आ सकते हैं। अनुमान है कि मार्च के पहले या दूसरे हफ्ते तक काफी ठंड हो सकती है।