August 15, 2026

Hind foucs news

hindi new update

फिर एक होंगे शरद पवार और अजित पवार?, एनसीपी के दो बड़े नेताओं के बयानों से कयास तेज

मुंबई। क्या शरद पवार और उनके भतीजे अजित पवार एक बार फिर एकजुट होंगे? इसके कयास लग रहे हैं। वजह है महाराष्ट्र के दो बड़े नेताओं के बयान। ये दोनों नेता अजित पवार खेमे के हैं। अजित पवार की एनसीपी कोटे से महाराष्ट्र के मंत्री नरहरि जिरवाल ने इस बारे में पूछे जाने पर मीडिया से कहा कि अजित पवार की माताजी ने भगवान से प्रार्थना की थी कि उनका बेटा और शरद पवार फिर साथ आएं। नरहरि जिरवाल ने कहा कि हम भी यही प्रार्थना करते हैं। अजित पवार के करीबी महाराष्ट्र के मंत्री ने कहा कि दो-तीन दिन में वो शरद पवार से मिलेंगे और उनसे कहेंगे कि आप और अजित दादा को एकजुट होना चाहिए और एनसीपी भी एक होनी चाहिए।

वहीं, अजित पवार खेमे के नेता प्रफुल्ल पटेल ने कहा कि अगर मैं हनुमान की तरह अपना सीना चीरकर दिखा सकता, तो आपको वहां शरद पवार जी दिखते। प्रफुल्ल पटेल ने उमीद जताई कि शरद पवार बात पर गौर करेंगे और अजित पवार के साथ एकजुटता होगी। प्रफुल्ल पटेल ने कहा कि हम दोनों के सियासी रास्ते भले अलग हों, लेकिन हम शरद पवार का सम्मान करते हैं और करते रहेंगे। अगर पवार खानदान एक साथ फिर आता है, हमें बहुत खुशी होगी। प्रफुल्ल पटेल ने खुद को भी पवार खानदान का हिस्सा बताया और कहा कि अगर सभी एकजुट होते हैं, तो इससे बढ़कर खुशी की बात क्या हो सकती है।

बता दें कि अजित पवार ने 2024 में शरद पवार से बगावत की थी। अजित पवार ने एनसीपी के सभी बड़े नेताओं को अपने साथ लिया था। मामला चुनाव आयोग गया, तो उसने शरद पवार और अजित पवार से सारे सबूत लिए। इसके बाद चुनाव आयोग ने एनसीपी का नाम और घड़ी चुनाव चिन्ह अजित पवार को दे दिया। अजित पवार की एनसीपी ने हाल ही में हुए महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव में 41 सीट हासिल की। वहीं, शरद पवार की एनसीपी के महज 10 ही विधायक चुने जा सके।

खास बात ये भी है कि शरद पवार की बेटी सुप्रिया सुले ने बीते दिनों ईवीएम के मसले पर बयान दिया था कि इसमें गड़बड़ी के आरोपों को साबित करने के लिए पुख्ता सबूत चाहिए। सुप्रिया सुले ने कहा था कि उन्हें कोई गड़बड़ी ईवीएम में नहीं दिखी। सुप्रिया ने कहा था कि वो खुद ईवीएम से ही 4 बार चुनाव जीतकर सांसद बनी हैं। जबकि, शरद पवार की पार्टी की सहयोगी कांग्रेस लगातार ईवीएम में गड़बड़ी का आरोप लगाती रही है। इससे पहले 2024 में शरद पवार की उद्योगपति गौतम अडानी से मुलाकात के मसले पर भी इंडी गठबंधन में सवाल उठ चुके हैं। शरद पवार बीते दिनों कुछ फल उत्पादक किसानों के साथ पीएम नरेंद्र मोदी से भी मिल चुके हैं।