April 16, 2026

Hind foucs news

hindi new update

नीतीश कुमार ने लालू यादव को दिखाया ठेंगा, आरजेडी चीफ के इस ऑफर को ठुकराया

पटना। बीते कई दिन से सोशल मीडिया पर ये दावे किए जा रहे थे कि बिहार के सीएम और जेडीयू के अध्यक्ष नीतीश कुमार एक बार फिर आरजेडी सुप्रीमो लालू यादव के साथ जा सकते हैं। लालू यादव ने तो गुरुवार को सीधे नीतीश कुमार को ये ऑफर दे दिया कि उनके लिए महागठबंधन के दरवाजे खुले हैं।

ताजा खबर ये है कि नीतीश कुमार ने लालू यादव की तरफ से दिए ऑफर पर ठेंगा दिखा दिया है। नीतीश कुमार ने लालू यादव के ऑफर को ठुकरा दिया है। नीतीश कुमार ने मीडिया के सवाल पर कहा कि लालू यादव क्या कह रहे हैं, उसे जाने दीजिए। वहीं, नीतीश के करीबी और मोदी सरकार में मंत्री ललन सिंह ने कहा कि एनडीए के साथ हम मजबूती से जुड़े हुए हैं।

इससे पहले आरजेडी सुप्रीमो लालू यादव ने पत्रकारों से कहा था कि सीएम नीतीश कुमार के लिए दरवाजे खुले हैं। वो साथ आकर काम करें। लालू यादव ने कहा था कि अगर महागठबंधन के साथ नीतीश कुमार आना चाहें, आ जाएं। वहीं, अब लालू यादव के बेटे और नीतीश कुमार की सरकार में पहले डिप्टी सीएम रहे तेजस्वी यादव ने इस बारे में पूछने पर मीडिया से कहा कि आप लोग बार-बार पूछते हैं। तेजस्वी यादव ने बताया कि लालू यादव ने नीतीश कुमार को ऑफर वाला बयान आखिर क्यों दिया है। सुनिए तेजस्वी यादव ने क्या बयान दिया।

दरअसल, नीतीश कुमार पहले विपक्ष के इंडी गठबंधन में थे। फिर वो बीजेपी के साथ एनडीए में चले आए। लोकसभा चुनाव में नीतीश की पार्टी जेडीयू को 14 सीट मिली हैं। लोकसभा चुनाव के बाद से ही नीतीश कुमार को लगातार विपक्षी दलों के नेताओं से ऑफर मिलता रहा है कि वो बीजेपी का साथ छोड़कर फिर इंडी गठबंधन में आ जाएं।

वहीं, नीतीश कुमार ने पीएम मोदी के साथ दो बार जनसभा में साफ कहा कि अब वो एनडीए छोड़कर नहीं जाने वाले। बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के साथ एक जनसभा में भी नीतीश कुमार ने बीते दिनों यही बात कही थी। नीतीश कुमार ने जनसभाओं में साफ तौर पर ये भी कहा कि जब आरजेडी और कांग्रेस के साथ मिलकर उन्होंने सरकार बनाई, तब काफी गड़बड़ियां हो रही थीं। जिसकी वजह से वो बीजेपी के साथ आए।