April 19, 2026

Hind foucs news

hindi new update

पीएम नरेंद्र मोदी ने देश को समर्पित किए 3 मेड इन इंडिया युद्धपोत

नई दिल्ली। आर्मी दिवस के मौके पर आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने तीन युद्धपोत आईएनएस सूरत, आईएनएस नीलगिरि और आईएनएस वाघशीर को देश और भारतीय नौसेना को समर्पित किया। ये तीनों ही युद्धपोत मेड इन इंडिया हैं और बहुत सारी तकनीकी सुविधाओं से लैस हैं।

पीएम मोदी ने कहा, आज भारत की समुद्री विरासत, नौसेना के गौरवशाली इतिहास और आत्मनिर्भर भारत मिशन के लिए एक बड़ा दिन है। छत्रपति शिवाजी महाराज की पवित्र भूमि पर 21वीं सदी की नौसेना को सशक्त करने की दिशा में हम एक बहुत बड़ा कदम उठा रहे हैं। ऐसा पहली बार हो रहा है जब एक डिस्ट्रॉयर, एक फ्रिगेट और एक सबमरीन को एक साथ कमीशन किया जा रहा है।

मोदी ने कहा, 15 जनवरी को सेना दिवस के रूप में भी मनाया जाता है। मैं हर उस बहादुर सैनिक को सलाम करता हूं जिन्होंने हमारे देश की रक्षा के लिए अपना जीवन समर्पित कर दिया है। मैं उन सभी साहसी नायकों को हार्दिक शुभकामनाएं देता हूं जो मां भारती की रक्षा में दृढ़ता से खड़े हैं।

पीएम बोले, हिंद महासागर क्षेत्र में भारत की उपस्थिति सामर्थ्य एक मजबूत आधार है। यही कारण है कि आज का कार्यक्रम सैन्य और आर्थिक दोनों दृष्टिकोण से समान रूप से महत्वपूर्ण है। 21वीं सदी में, भारत की सेना अधिक उन्नत और आधुनिक क्षमता से युक्त हो देश की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में से एक है। जल हो, थल हो, नभ हो, गहरा समुद्र हो, या असीम अंतरिक्ष हर जगह भारत अपने हितों को सुरक्षित कर रहा है।

प्रधानमंत्री ने कहा, अपने सशस्त्र बलों को और अधिक कुशल बनाने के लिए थिएटर कमांड की अवधारणा के साथ हम आगे बढ़ रहे हैं। जिस तरह से भारत की तीनों सेनाओं ने पिछले दस वर्षों में आत्मनिर्भरता के मंत्र को अपनाया है, वह वास्तव में सराहनीय है। आज का कार्यक्रम हमारी गौरवशाली विरासत को भविष्य की आकांक्षाओं से जोड़ता है। लंबी समुद्री यात्राएं, वाणिज्य, नौसेना रक्षा, जहाज उद्योग- इसमें हमारा समृद्ध इतिहास रहा है। अपने समृद्ध से प्रेरणा लेते हुए आज का भारत विश्व में एक प्रमुख समुद्री शक्ति के रूप में भी उभर रहा है।