April 16, 2026

Hind foucs news

hindi new update

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ रात में अचानक राजधानी लखनऊ के रैन बसेरों में ठहरे निराश्रितों का हाल जानने पहुंचे

  • रविंद्र बंसल

लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बुधवार रात कड़ाके की ठंड के में अचानक राजधानी लखनऊ के रैन बसेरों में ठहरे निराश्रितों का हाल जानने पहुंचे। मुख्यमंत्री का काफिला पहले पेपर मिल कॉलोनी पहुँचा, जहां उन्होंने प्रवासरत लोगों से कुशलक्षेम जानने के साथ उनसे आत्मीय संवाद भी किया और फिर लक्ष्मण मेला रोड की ओर भी गए। अलग-अलग रैन बसेरों में प्रदेश के विभिन्न जिलों से आये लोग ठहरे हुए थे। कोई डॉक्टर को दिखाने के लिए तो कोई किसी अन्य कार्य से लखनऊ आया था।

मुख्यमंत्री ने उनसे पूछा कि यहां रैन बसेरों में कोई परेशानी तो नहीं। सबने व्यवस्था को लेकर संतोषजनक जवाब दिया। निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री द्वारा कुशलक्षेम और जरूरतों के बारे में पूछे जाने पर रैन बसेरों में ठहरे लोग भावविभोर हो गए। उन्हें सहसा यकीन नहीं हो रहा था कि उनके ठहरने और भोजन की जानकारी लेने खुद मुख्यमंत्री उनके पास आए हैं।

रैन बसेरों में ठहरे लोगों का कहना था कि जब योगी जी खुद उनकी सुधि ले रहे हैं तो उन्हें किस बात की दिक्कत होगी। सभी रैन बसेरों में मुख्यमंत्री ने अपने हाथों से जरूरतमंदों में कंबल व भोजन का वितरण भी किया। मुख्यमंत्री ने रैन बसेरों के बाहर भी जरूरतमंद लोगों में कंबल व भोजन का वितरण कर उन्हें आश्वस्त किया कि सरकार उनकी सेवा को प्रतिबद्ध है।