June 28, 2026

Hind foucs news

hindi new update

ऑस्ट्रेलिया में हार के बाद BCCI ने लिया बड़ा फैसला, खिलाड़ियों के पर्सनल स्टाफ पर बैन

नई दिल्ली। ऑस्ट्रेलिया दौरे पर टीम इंडिया की हार के बाद बीसीसीआई के तेवर पूरी तरह से बदल गए हैं। हाल ही में बीसीसीआई ने खिलाड़ियों और सपोर्ट स्टाफ के संबंध में कई बड़े फैसले लिए हैं। पहले खबरें आईं थीं कि खिलाड़ियों के परिवार के साथ विदेशी दौरों पर जाने की समय सीमा को कम कर दिया गया है। इसके अलावा, हेड कोच गौतम गंभीर के मैनेजर पर भी टीम इंडिया के ड्रेसिंग रूम और टीम बस में रहने पर पाबंदी लगा दी गई थी। अब एक और बड़ा कदम उठाते हुए बीसीसीआई ने खिलाड़ियों के पर्सनल स्टाफ पर भी बैन लगा दिया है।

विदेशी दौरों पर पर्सनल स्टाफ लाने पर रोक

न्यूज एजेंसी ANI की रिपोर्ट के अनुसार, बीसीसीआई ने फैसला किया है कि अब टीम इंडिया के खिलाड़ी अपने पर्सनल स्टाफ, जैसे कुक, हेयर ड्रेसर, स्टाइलिस्ट और निजी सुरक्षा गार्ड, को विदेशी दौरों पर साथ नहीं ले जा सकेंगे। भारतीय टीम के कई खिलाड़ी, जिनमें हार्दिक पंड्या का नाम सबसे प्रमुख है, आमतौर पर अपने पर्सनल कुक के साथ यात्रा करते हैं। लेकिन अब इस पर पूरी तरह से रोक लगा दी गई है।

टी20 सीरीज की तैयारी के लिए कोलकाता बुलाए गए खिलाड़ी

टीम इंडिया को इंग्लैंड के खिलाफ आगामी टी20 सीरीज के लिए तैयारी शुरू करनी है। इस पांच मैचों की सीरीज के लिए सभी खिलाड़ियों को कोलकाता के ईडन गार्डन्स में 18 जनवरी तक रिपोर्ट करने के आदेश दिए गए हैं। यहां टीम तीन दिन तक प्रैक्टिस करेगी और फिर 22 जनवरी से टी20 सीरीज का आगाज होगा।

गंभीर के दौर में टीम इंडिया में बड़ा बदलाव

इंग्लैंड के खिलाफ सीरीज से पहले बीसीसीआई ने टीम इंडिया के कोचिंग स्टाफ में छठे सदस्य को जोड़ने का भी निर्णय लिया है। सितांशु कोटक को टीम का नया बैटिंग कोच नियुक्त किया गया है। हैरानी की बात यह है कि गौतम गंभीर के हेड कोच बनने के बाद से टीम में कोई बैटिंग कोच नहीं था। इसके पहले अभिषेक नायर और टेन डेस्काथे टीम के असिस्टेंट कोच के रूप में कार्य कर रहे थे, लेकिन उनका स्पष्ट रोल अब तक सामने नहीं आया है। बॉलिंग कोच के तौर पर मॉर्ने मॉर्कल और फील्डिंग कोच के तौर पर टी दिलीप टीम के साथ जुड़े हुए हैं।

क्या है बीसीसीआई के कड़े फैसलों का मकसद?

बीसीसीआई के इन कदमों को टीम में अनुशासन और सख्त प्रबंधन की दिशा में बड़ा कदम माना जा रहा है। इन फैसलों के पीछे मुख्य उद्देश्य खिलाड़ियों को मुख्य टीम गतिविधियों पर फोकस कराना और अनावश्यक विकर्षणों को कम करना बताया जा रहा है। आने वाली इंग्लैंड टी20 सीरीज भारतीय टीम के लिए एक नई शुरुआत साबित हो सकती है।