कर्नाटक के सीएम सिद्धारामैया की पत्नी पर ईडी की बड़ी कार्रवाई, मुडा घोटाला मामले में इतने करोड़ की प्रॉपर्टी जब्त की
बेंगलुरु। कर्नाटक के सीएम सिद्धारामैया के लिए ये किसी बड़े झटके से कम नहीं। प्रवर्तन निदेशालय ईडी ने कर्नाटक के सीएम सिद्धारामैया की पत्नी बीएम पार्वती की 142 करोड़ की संपत्ति जब्त कर ली है। ईडी ने सिद्धारमैया की पत्नी पर ये बड़ी कार्रवाई मुडा MUDA घोटाला मामले में की है। ईडी ने पार्वती सिद्धारामैया की जिन प्रॉपर्टी को जब्त किया है, उनका बाजार मूल्य करीब 300 करोड़ रुपए है। मनी लॉन्ड्रिंग एक्ट के तहत पार्वती सिद्धारामैया की संपत्ति को जांच एजेंसी ने जब्त किया है। ये सारी प्रॉपर्टी रियल एस्टेट का काम करने वालों और एजेंट्स के नाम थी। जानकारी के मुताबिक जब्त की गई प्रॉपर्टी को सिद्धारामैया की पत्नी पार्वती को अलॉट किया गया था।
एक शिकायत पर मैसुरु की लोकायुक्त पुलिस ने कर्नाटक के सीएम सिद्धारामैया, उनकी पत्नी पार्वती और बेटे समेत तमाम लोगों पर भ्रष्टाचार विरोधी कानून और आईपीसी की अन्य धाराओं के तहत केस दर्ज किया था। आरोप है कि सिद्धारामैया ने अपने राजनीतिक रसूख से अपनी पत्नी बीएम पार्वती के नाम 14 साइट हासिल किए। मुडा ने ये सभी साइट पार्वती की 3 एकड़ 14 गुंटा जमीन लेने के बदले आवंटित किए। मुडा ने पार्वती की जो संपत्ति ली थी, उनका मूल्य 3.24 लाख रुपए थी। जबकि, जो साइट आवंटित किए उनकी कीमत 56 करोड़ के करीब है। इस मामले में मुडा के पूर्व कमिश्नर डीबी नातेश का नाम आया है।
ईडी ने लोकायुक्त पुलिस की तरफ से केस दर्ज किए जाने के बाद इस मामले में मनी लॉन्ड्रिंग की जांच शुरू की थी। मुडा के दफ्तर जाकर ईडी ने तमाम दस्तावेज अपने कब्जे में लिए थे। बताया जा रहा है कि छापों के दौरान ये भी पता चला कि 14 साइट के अलावा तमाम अन्य साइट को अवैध तौर पर मुडा ने रियल एस्टेट का काम करने वालों को दिया। जिसे बाद में बड़ी प्रॉफिट पर बेचा गया। इस बिक्री से हासिल धन से मनी लॉन्ड्रिंग की गई। मुडा घोटाला मामले में बेनामी संपत्ति का केस भी सामने आया है। सिद्धारामैया की पत्नी पार्वती ने इस मामले के उछलने के बाद मुडा को चिट्ठी लिखकर सभी 14 साइट सरेंडर करने का प्रस्ताव भी दिया था। वहीं, लोकायुक्त पुलिस के समन पर पूछताछ के लिए तलब हुए सिद्धारामैया ने इसमें अपना या परिवार का कोई हाथ होने से इनकार किया है।
