April 18, 2026

Hind foucs news

hindi new update

बरेली में टीन शेड डालकर बना ली अवैध मस्जिद, पढ़ी गई जुमे की नमाज

नई दिल्ली। यूपी के संभल, मथुरा, वाराणसी समेत देश के कई हिस्सों में मंदिर-मस्जिद को लेकर विवाद चल रहा है। वहीं हिमाचल प्रदेश के शिमला, मंडी में अवैध रूप से बनाई गई मस्जिद को लेकर भी पिछले दिनों काफी हो हल्ला मचा। इस बीच अब बरेली में एक मस्जिद के अवैध निर्माण का मामला सामने आया है। बरेली के थाना बहेड़ी क्षेत्र में कुछ लोगों ने टीन शेड डालकर उसे मस्जिद का रूप दे दिया और बाकयदा वहां जुमे की नमाज भी पढ़ी। वीडियो वायरल होने के बाद हिंदू पक्ष की ओर से इस मामले में पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई है।

बताया जा रहा है कि बहेड़ी क्षेत्र के गांव जामसावंत में कबीर अहमद की लगभग 200 गज जमीन पर पहले कुछ लोगों ने बाउंड्री बनवाई, टीन शेड डाली और फिर उस जगह को मस्जिद का रूप दे दिया। इसके बाद वहां जुमे की नमाज पढ़ी। इस मामले में हिंदू जागरण मंच के युवा वाहिनी के जिला अध्यक्ष हिमांशु पटेल ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। हिंदू संगठन की शिकायत के बाद पुलिस की ओर से बीएनएस 170 धारा के अंतर्गत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने गांव के प्रधान आरिफ, मुजम्मिल, कबीर अहमद, मोहम्मद आरिफ, अकील अहमद, मोहम्मद शाहिद और छोटे समेत लगभग 25 लोगों के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज कर ली है।

फिलहाल क्षेत्र में तनाव की स्थिति बनी हुई है जिसके चलते वहां फोर्स तैनात कर दी गई है। इस संबंध में जानकारी मिलते ही खुफिया विभाग भी अलर्ट हो गया है और इसकी पड़ताल की जा रही है। वहीं ड्रोन कैमरे की मदद से बनाए गए वीडियो में यह साफ दिख रहा है कि जिस जगह को मस्जिद का रूप दिया गया वहां पर शुक्रवार को जुमे की नमाज भी पढ़ी गई। पुलिस ने बताया कि इस मामले में 4 लोगों को गिरफ्तार भी किया है।