July 5, 2026

Hind foucs news

hindi new update

अजमेर में हिंदू सेना के अध्यक्ष विष्णु गुप्ता ने खुद पर जानलेवा हमले का किया दावा, ख्वाजा की दरगाह के शिव मंदिर होने का कोर्ट में कर रखा है केस

अजमेर। अजमेर में ख्वाजा मोइनुद्दीन चिश्ती की दरगाह में मंदिर का दावा कर कोर्ट में केस करने वाले विष्णु गुप्ता ने खुद पर जानलेवा हमले का आरोप लगाया है। हिंदू सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष विष्णु गुप्ता ने पुलिस में शिकायत की है कि शनिवार को अजमेर से दिल्ली जा रहे थे। तब गेगल पुलिया के पास बाइक सवार 2 लोगों ने उन पर फायरिंग की और फरार हो गए। पुलिस इस मामले की जांच कर रही है। पुलिस के मुताबिक विष्णु गुप्ता की कार पर एक निशान भी मिला है। पुलिस ये देख रही है कि ये गोली से बना निशान है या नहीं।

विष्णु गुप्ता ने दिसंबर 2024 में कोर्ट में वाद दाखिल किया था कि अजमेर में ख्वाजा मोइनुद्दीन चिश्ती की दरगाह भगवान संकट मोचन महादेव के मंदिर को तोड़कर बनाई गई है। विष्णु गुप्ता का कहना है कि मोहम्मद शहाबुद्दीन गौरी साल 1150 में अजमेर आया था। उनका दावा है कि अजमेर का नाम अजयमेरु था। जो महाराज पृथ्वीराज चौहान के पिता थे। विष्णु गुप्ता ने कोर्ट में दाखिल याचिका में कहा है कि मोहम्मद शहाबुद्दीन गौरी की सेना में ख्वाजा साहब नाम का सैनिक था। गौरी के साथ ख्वाजा वापस नहीं गए और भारत में रुक कर इस्लाम का प्रचार किया। विष्णु गुप्ता ने कोर्ट में कहा है कि इस बारे में उनके पास बहुत सारे सबूत हैं।

विष्णु गुप्ता ने पहले भी खुद की जान को खतरा बताया था। इस बार उन्होंने खुद पर फायरिंग किए जाने का आरोप लगाया है। अगर फायरिंग का आरोप सच साबित होता है, तो इससे माहौल गर्मा सकता है। फिलहाल पुलिस जांच पड़ताल के बाद क्या पाती है, इस पर सबकी नजर है। बता दें कि अजमेर में ख्वाजा मोइनुद्दीन चिश्ती की दरगाह पर हर साल लाखों लोग जाते हैं। भारत के अलावा पाकिस्तान और अन्य देशों से भी दरगाह पर अनेक श्रद्धालु आते हैं। पिछले दिनों ही पाकिस्तान से जायरीनों का दल अजमेर में ख्वाजा मोइनुद्दीन चिश्ती की दरगाह पहुंचा था।