‘अति आत्मविश्वास न करें ममता बनर्जी…अरविंद केजरीवाल की हालत देख लें’, बीजेपी ने टीएमसी सुप्रीमो को दी चेतावनी
कोलकाता। पश्चिम बंगाल में अगले साल यानी 2026 में विधानसभा के चुनाव हैं। इससे पहले अभी से ही वहां राजनीति गर्मा रही है। बीजेपी ने अब अरविंद केजरीवाल का नाम लेकर पश्चिम बंगाल की सीएम ममता बनर्जी को चेतावनी दी है कि वो अति आत्मविश्वास न करें। पश्चिम बंगाल में बीजेपी की विधायक अग्निमित्रा पॉल ने कहा कि जैसा कि आपके (ममता बनर्जी) छोटे भाई केजरीवाल ने कहा था कि जब तक वो जीवित हैं, मोदी जी दिल्ली को जीत नहीं सकेंगे, लेकिन केजरीवाल का दावा फुस्स हो गया। अग्निमित्रा पॉल ने ममता बनर्जी पर कई तंज भी कसे।
इससे पहले खबर आई थी कि ममता बनर्जी ने सोमवार को टीएमसी के विधायकों की बैठक की। सूत्रों के हवाले से ये जानकारी आई थी कि ममता बनर्जी ने कहा था कि वो पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव जीतने का अकेले ही दम रखती हैं। सूत्रों के मुताबिक ममता बनर्जी ने बैठक में ये भी साफ कहा था कि वो पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में कांग्रेस से कोई गठबंधन नहीं करेंगी।
ममता ने कहा- दिल्ली में कांग्रेस ने आम आदमी पार्टी की मदद नहीं की। हरियाणा के विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी ने कांग्रेस की मदद नहीं की। इसलिए बीजेपी दिल्ली और हरियाणा का विधानसभा चुनाव जीत गई। सूत्रों के मुताबिक ममता बनर्जी ने टीएमसी विधायकों से ये भी कहा कि एकमत रखने वाली पार्टियों के बीच समझौता होना चाहिए। ताकि बीजेपी विरोधी वोट बंटने न पाएं। ममता बनर्जी ने कहा कि अगर ऐसा न हुआ, तो इंडी गठबंधन को राष्ट्रीय स्तर पर बीजेपी को रोकने में दिक्कत होगी।
पश्चिम बंगाल में साल 2021 में विधानसभा के चुनाव हुए थे। तब बीजेपी ने ममता बनर्जी की टीएमसी को हराने के लिए कोई कोर-कसर बाकी नहीं रखी थी। इसके बावजूद ममता बनर्जी की टीएमसी ने चुनाव जीतकर पश्चिम बंगाल में सरकार बनाई थी। वहीं, 2024 के लोकसभा चुनाव में भी ममता बनर्जी की टीएमसी ने अच्छा प्रदर्शन कर बीजेपी का रथ रोक लिया था। ममता बनर्जी ने इन दोनों चुनाव में कांग्रेस से कोई गठबंधन नहीं किया था।
