सियासत गर्माने के बाद कोलकाता म्यूनिसिपल कॉरपोरेशन ने ईदी की छुट्टी बढ़ाने वाला आदेश किया रद्द
कोलकाता। सियासत गर्माने के बाद अब कोलकाता म्यूनिसिपल कॉरपोरेशन यानी केएमसी ने अपने स्कूलों में छुट्टियों की लिस्ट दोबारा जारी करने का आदेश दिया है। केएमसी के शिक्षा विभाग के मुख्य प्रबंधक के दस्तखत से छुट्टी की जानकारी जारी होने के बाद हंगामा मचा था। दरअसल, कोलकाता म्यूनिसिपल कॉरपोरेशन के आदेश में ये बताया गया था कि विश्वकर्मा पूजा की छुट्टी नहीं रहेगी। इसकी जगह ईद की छुट्टी को दो दिन करने की बात कही गई थी। 25 फरवरी को ये नोटिस जारी हुआ था। नोटिस में विश्वकर्मा पूजा की छुट्टी को काटकर ईद की छुट्टी बढ़ाने पर ममता सरकार और उनके मंत्री फिरहाद हाकिम पर निशाना साधा जाना शुरू हो गया था। बीजेपी ने इसे मुस्लिम तुष्टीकरण बताया था।
अब केएमसी ने नया आदेश जारी कर कहा है कि छुट्टी का जो नोटिस पहले जारी हुआ था, उसमें टाइपो की गलती थी। इस मामले में जिम्मेदार अफसर से जवाब भी तलब किया गया है। मीडिया के लिए कोलकाता म्यूनिसिपल कॉरपोरेशन ने जो विज्ञप्ति जारी की है, उसमें कहा गया है कि पहले का आदेश सक्षम प्राधिकारी की मंजूरी के बिना जारी हुआ था। इस चूक के लिए जिम्मेदार अफसर के खिलाफ कार्रवाई होने की बात भी कही गई है। केएमसी ने कहा है कि पश्चिम बंगाल सरकार छुट्टियों की लिस्ट को मौजूदा मानदंडों के मुताबिक बनाए रखते हुए संशोधित आदेश आने वाले वक्त में जारी करेगी। पहले छुट्टी का जो नोटिस जारी किया गया था, उसमें लिखा था कि 17 सितंबर को केएमसी के स्कूलों में विश्वकर्मा पूजा की छुट्टी नहीं होगी। वहीं, ईद के लिए 31 मार्च और 1 अप्रैल की छुट्टी का एलान किया गया था।
केएमसी की तरफ से छुट्टी का नोटिस रद्द करने के बाद अब पश्चिम बंगाल बीजेपी ने कहा है कि इस मुद्दे को उठाने पर ही ताजा कदम लिया गया है। बीजेपी के महासचिव जगन्नाथ चटर्जी ने कहा है कि ये विश्वास नहीं होता कि केएमसी के अफसर को विश्वकर्मा पूजा की छुट्टी रोकने और ईद की छुट्टी बढ़ाने के बारे में पता नहीं था। उन्होंने कहा कि केएमसी का कार्यभार ममता बनर्जी के करीबी फिरहाद हाकिम के पास है। बीजेपी नेता ने कहा कि हम जानना चाहते हैं कि शिक्षा विभाग के अफसर को इस तरह का आदेश जारी करने के लिए किससे आदेश मिला। क्योंकि बंगाल का कोई भी अफसर खुद ऐसा नहीं कर सकता।
