‘अगर 72 घंटे में सबूत न दिया तो…’, बीजेपी नेता शुभेंदु अधिकारी ने ममता बनर्जी को भेजा कानूनी नोटिस
कोलकाता। I-PAC दफ्तर पर ईडी के छापे से पश्चिम बंगाल की सियासत गर्माई हुई है। टीएमसी और बीजेपी एक-दूसरे पर हमला कर रही हैं। इस बीच, पश्चिम बंगाल विधानसभा में नेता विपक्ष और बीजेपी विधायक शुभेंदु अधिकारी ने सीएम ममता बनर्जी को कानूनी नोटिस भेज दिया है। शुभेंदु अधिकारी ने कहा है कि उन पर ममता बनर्जी ने जो आरोप लगाए, उससे संबंधित सबूत 72 घंटे में दें, वरना वो ममता बनर्जी पर मानहानि का केस करेंगे।
दरअसल, I-PAC पर ईडी के छापे के बाद पश्चिम बंगाल की सीएम ममता बनर्जी ने सार्वजनिक मंच से दावा किया था कि कथित कोयला घोटाला का पैसा शुभेंदु अधिकारी के जरिए केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह तक गया। इसी से संबंधित दस्तावेजों को हटाने के लिए अमित शाह ने I-PAC दफ्तर में ईडी को भेजा। ममता बनर्जी ने ये दावा भी किया था कि उनके पास पेन ड्राइव में सबूत है। पश्चिम बंगाल की सीएम ने चेतावनी दी थी कि अगर उनको परेशान किया गया, तो वो इस सबूत को सबके सामने लाएंगी। ममता के इसी दावे पर शुभेंदु अधिकारी ने अब उनको कानूनी नोटिस भेजा है। शुभेंदु अधिकारी के नोटिस भेजने से पश्चिम बंगाल की सियासत और गर्माने के आसार दिखाई दे रहे हैं।
पश्चिम बंगाल में मार्च-अप्रैल में विधानसभा चुनाव होने की संभावना है। पीएम नरेंद्र मोदी और गृहमंत्री अमित शाह ये दावा कर चुके हैं कि इस बार राज्य में ममता बनर्जी की टीएमसी सरकार को हटाकर लोग बीजेपी को सत्ता सौंपेंगे। पीएम मोदी और अमित शाह के इसी दावे के बाद ईडी के छापे ने ममता बनर्जी का पारा चढ़ा दिया है। ईडी के छापे के दौरान ममता बनर्जी मौके पर पहुंची थीं। वो वहां से हरे कवर में लिपटी फाइल ले गई थीं। ममता का आरोप है कि टीएमसी की चुनावी रणनीति को ईडी चुराना चाहती थी। वहीं, ईडी ने आरोप लगाया है कि ममता बनर्जी अपने साथ कोयला घोटाला से जुड़े अहम सबूत ले गई हैं। ईडी ने इस मामले में कोलकाता हाईकोर्ट में दस्तक दी है। कोलकाता हाईकोर्ट में 14 जनवरी को मामले की सुनवाई है।
