April 23, 2026

Hind foucs news

hindi new update

अमित शाह ने पश्चिम बंगाल बीजेपी नेताओं के लिए तय किया लक्ष्य, जानिए कहां की कितनी विधानसभा सीट जीतने को कहा

कोलकाता। नए साल के आगाज के साथ ही 5 राज्यों के विधानसभा चुनाव के लिए भी नगाड़ा बज चुका है। साल 2026 में पश्चिम बंगाल, तमिलनाडु, पुदुचेरी, केरल और असम में विधानसभा चुनाव होने हैं। बीजेपी ने इस बार असम में तीसरी बार जीत के साथ ही पश्चिम बंगाल और तमिलनाडु विधानसभा चुनाव में जीत का लक्ष्य तय किया है। इसी लक्ष्य को हासिल करने के लिए बीजेपी के वरिष्ठ नेताओं का दौरा जारी है। इस कड़ी में केंद्रीय गृहमंत्री और बीजेपी के चाणक्य कहे जाने वाले अमित शाह तीन दिन कोलकाता में थे।

द टाइम्स ऑफ इंडिया अखबार के मुताबिक कोलकाता दौरे में अमित शाह ने बीजेपी नेताओं के लिए लक्ष्य तय किया है कि पार्टी को कितनी सीटों पर जीत हासिल करनी है। अखबार के मुताबिक पश्चिम बंगाल बीजेपी के नेताओं से बैठक में अमित शाह ने कहा कि इस बार राज्य विधानसभा चुनाव में कोलकाता और उसके आसपास की 28 सीटों में से कम से कम 21 पर बीजेपी को जीत दिलानी है। इन सीटों में से बीजेपी कभी कोई सीट नहीं जीत सकी। साथ ही कोलकाता और जिलों की 140 सीटों में से ज्यादातर पर जीत का लक्ष्य अमित शाह ने पश्चिम बंगाल बीजेपी के नेताओं के लिए तय किया है।

पश्चिम बंगाल में 2021 में हुए विधानसभा चुनाव में बीजेपी को 38 फीसदी वोट के साथ 77 सीट पर जीत मिली थी। जबकि, ममता बनर्जी की टीएमसी को 213 सीट पर जीत हासिल हुई थी। पश्चिम बंगाल में बीजेपी लगातार ज्यादा वोट प्रतिशत हासिल करती गई है, लेकिन ममता बनर्जी को सत्ता से हटाने में वो अब तक नाकाम रही है। 2014 के लोकसभा चुनाव में पश्चिम बंगाल में बीजेपी 17 फीसदी वोट के साथ 2 सीट जीती थी। 2016 के पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में बीजेपी को 10 फीसदी वोट और 3 सीट मिली थी। 2019 के लोकसभा चुनाव में बीजेपी को 41 फीसदी वोट और 18 सीट हासिल हुई थीं। जबकि, 2024 के लोकसभा चुनाव में पश्चिम बंगाल में बीजेपी का वोट प्रतिशत 39 फीसदी और सीटों की संख्या 12 रही थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *