सीबीएसई की 10वीं और 12वीं बोर्ड परीक्षा का रिवाइज्ड शेड्यूल जारी
नई दिल्ली। सेंट्रल बोर्ड ऑफ सेकेंडरी एजुकेशन यानी सीबीएसई ने 2026 में होने वाली 10वीं और 12वीं बोर्ड परीक्षा का रिवाइज्ड शेड्यूल जारी किया है। सीबीएसई ने प्रशासनिक कारणों से 3 मार्च 2026 की 10वीं और 12वीं बोर्ड परीक्षा रीशेड्यूल की है। सीबीएसई के मुताबिक 3 मार्च 2026 को होने वाली 10वीं के एक्जाम पेपर अब 11 मार्च और 12वीं के 10 अप्रैल 2026 को होंगे। सीबीएसई की वेबसाइट cbse.gov.in से परीक्षार्थी रिवाइज्ड शेड्यूल डाउनलोड कर सकते हैं।
सीबीएसई के मुताबिक 10वीं बोर्ड के लिए तिब्बती, भोटी, भूटिया, बोडो, तांगखुल, मिजो, कश्मीरी, जर्मन, जापानी, स्पैनिश, बहासा मेलेयू, एकेडमिक इलेक्टिव्स, बुक कीपिंग एंड अकाउंटेंसी की परीक्षा 11 मार्च 2026 को होगी। जबकि, 12वीं बोर्ड परीक्षा के छात्रों की लीगल स्टडीज की परीक्षा 10 अप्रैल 2026 को तय की गई है। इस साल से सीबीएसई की 10वीं बोर्ड की परीक्षा साल में दो बार होगी। 10वीं बोर्ड के पहले दौर की परीक्षा 17 फरवरी से 15 जुलाई तक सीबीएसई ने रखी है। सीबीएसई के मुताबिक इस तरह साल में दो बार 10वीं की बोर्ड परीक्षा कराने से छात्रों पर दबाव नहीं पड़ेगा। वे बेहतर तरीके से परीक्षा की तैयारी भी कर सकेंगे।
सीबीएसई की बोर्ड परीक्षा देशभर में होती है। साल 2025 में सीबीएसई की 10वीं बोर्ड परीक्षा के लिए 2385079 छात्रों ने रजिस्ट्रेशन कराया था। जिनमें से 2371939 छात्रों ने सीबीएसई की 10वीं बोर्ड परीक्षा दी थी। परीक्षा देने वालों में से 93.66 फीसदी यानी 2221636 छात्रों ने सीबीएसई की 10वीं बोर्ड परीक्षा पास की थी। वहीं, सीबीएसई की 2025 की 12वीं बोर्ड परीक्षा में 1692794 छात्र शामिल हुए थे। इनमें से 1496307 छात्र सफल रहे थे। इस तरह सीबीएसई 12वीं बोर्ड की परीक्षा में पास होने वाले छात्रों का प्रतिशत 88.39 रहा। इनमें 91.64 फीसदी लड़कियां रहीं। 1 लाख से ज्यादा छात्रों ने सीबीएसई की 12वीं बोर्ड परीक्षा में 90 फीसदी से ज्यादा अंक हासिल किए।
