February 17, 2026

Hind foucs news

hindi new update

वर्ल्ड रैपिड चेस चैंपियनशिप 2025 में कोनेरू हम्पी और अर्जुन एरिगैसी ने जीते कांस्य पदक, पीएम नरेंद्र मोदी ने दी बधाई

नई दिल्ली। दोहा में आयोजित FIDE वर्ल्ड रैपिड चेस चैंपियनशिप 2025 में भारत की कोनेरू हम्पी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए महिला वर्ग में कांस्य पदक जीता। वहीं भारत के ही अर्जुन एरिगैसी ने ओपन कैटेगरी में कांस्य पदक हासिल किया। अर्जुन का यह पहला ब्रॉन्ज मेडल है, इसी के साथ अर्जुन महान ग्रैंडमास्टर विश्वनाथन आनंद के बाद पोडियम पर जगह बनाने वाले दूसरे भारतीय पुरुष खिलाड़ी बन गए हैं। वहीं भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दोनों कोनेरू हम्पी और अर्जुन एरिगैसी को उनके प्रदर्शन के लिए बधाई दी है।

महिला वर्ग में खिलाड़ियों के बीच काफी कड़ा मुकाबला देखने को मिला। झू जिंजर, एलेक्जेंड्रा गोरियाचकिना और हम्पी कोनेरू 10 में से 8 अंकों के साथ बराबरी पर थीं। अंतिम राउंड में झू जिंजर और एलेक्जेंड्रा गोरियाचकिना के बीच का खेल ड्रॉ रहा। वहीं हम्पी कोनेरू और उनकी प्रतिद्वंद्वी बी. सविता के बीच भी खेल भी ड्रॉ हुआ। पीएम मोदी ने सोशल मीडिया पोस्ट पर लिखा, कांस्य जीतने वाली कोनेरू हम्पी को हार्दिक बधाई। खेल के प्रति उनका समर्पण सराहनीय है। उनके भविष्य के प्रयासों के लिए शुभकामनाएं। अपने दूसरे पोस्ट में मोदी ने लिखा ओपन वर्ग में कांस्य पदक जीतने पर अर्जुन एरिगैसी पर गर्व। उनका दृढ़ संकल्प सराहनीय है। उनके भविष्य के प्रयासों के लिए उन्हें हार्दिक शुभकामनाएं।

वहीं आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू ने कोनेरू हम्पी को बधाई देते हुए कहा कि चैंपियन की पहचान एक जीत से नहीं, बल्कि बार-बार उच्चतम स्तर पर प्रतिस्पर्धा करने के साहस से होती है। विश्व मंच पर कांस्य पदक जीतना सच्ची उत्कृष्टता का प्रतीक है। आपकी यात्रा, निरंतरता और भारत को गौरवान्वित करने की आपकी क्षमता लाखों लोगों को प्रेरित करती है। साथ ही अर्जुन एरिगैसी की प्रशंसा करते हुए आंध्र सीएम ने कहा कि पोडियम पर पहुंचने के साथ ही वे ग्रैंडमास्टर विश्वनाथन आनंद के बाद यह उपलब्धि हासिल करने वाले एकमात्र भारतीय पुरुष खिलाड़ी बन गए हैं। तेलंगाना की धरती से आने वाले अर्जुन ने भारत की गौरवशाली शतरंज विरासत में एक और गौरवपूर्ण अध्याय जोड़ दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *