April 21, 2026

Hind foucs news

hindi new update

शीतकाल के लिए 20 नवंबर से बंद होंगे बद्रीनाथ के कपाट, इसके साथ ही चारधाम यात्रा का होगा समापन

नई दिल्ली। विश्व प्रसिद्ध बद्रीनाथ धाम के कपाट शीतकाल के लिए 20 नवंबर से बंद कर दिए जाएंगे। इसी के साथ उच्च गढ़वाल हिमालयी क्षेत्र की इस साल की चारधाम यात्रा का समापन भी हो जाएगा। वहीं उत्तराखंड चारधाम देवस्थानम बोर्ड के मीडिया प्रभारी डॉ. हरीश गौड़ का मानना है कि शुक्रवार को विजयदशमी के पावन पर्व पर बद्रीनाथ मंदिर में परंपरागत पूजा पाठ के बाद पंचाग गणना की गई और इसके बाद कपाट बंद करने का मुहूर्त निकाला गया। जिसके मुताबिक शनिवार 20 नवंबर की शाम पौने सात बजे मंदिर के द्वार श्रद्धालुओं के लिए बंद कर दिए जाएंगे।

मुहूर्त निकाले जाने पर मुख्य पुजारी रावल ईश्वरी प्रसाद नंबूदरी के साथ-साथ देवस्थानम बोर्ड के अधिकारी और तीर्थ पुरोहित भी मौजूद रहे। चारों धामों में केवल बद्रीनाथ मंदिर के कपाट बंद करने की तिथि ही निकाली जाती है और अन्य तीनों धामों की तिथि दीपावली के त्योहार से ही निर्धारित जाती है। गंगोत्री मंदिर के कपाट दिवाली के अगले दिन पांच नवंबर को गोवर्धन पूजा और अन्नकूट पर्व पर बंद किए जाते हैं। वहीं भैयादूज के पर्व पर केदारनाथ और यमुनोत्री मंदिर के कपाट बंद होते हैं। बीस नवंबर को बद्रीनाथ मंदिर के कपाट बंद होने के साथ ही इस वर्ष की चारधाम यात्रा का समापन कर दिया जाएगा।

वहीं चारधाम यात्रा के सफलतापूर्वक संचालन पर प्रसन्नता जाहिर करते हुए उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि कपाट बंद होने तक यात्रा निर्बाध रूप से चलती रहेगी। इस साल कोविड-19 की वजह से चारधाम यात्रा 18 सितंबर से शुरू की गई थी। जिसमें बृहस्पतिवार 14 अक्टूबर तक देश भर से 1,14,195 श्रद्धालु धामों में दर्शन करने के लिए पहुंचे थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *