भारत ने टैरिफ घटाया तो इन उद्योगों पर पड़ेगा दबाव, वहीं सस्ती होंगी अमेरिका में बनी ये चीजें
नई दिल्ली। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने दावा किया है कि भारत ने उनके देश से आयात होने वाली चीजों पर टैरिफ कम करने का फैसला किया है। भारत अभी अमेरिका से आयात होने वाले सामान पर 110 फीसदी तक टैरिफ लगाता है। ऐसे में अगर भारत ने अमेरिका के सामान पर टैरिफ कम करने का फैसला किया, तो ट्रंप के देश से आयात होने वाली तमाम चीजों की कीमत में काफी कमी हो सकती है। अमेरिका से अभी भारत डेयरी उत्पाद, इलेक्ट्रॉनिक गैजेट, मोबाइल फोन के पार्ट्स, स्टील, टायर, वाहन, वाहनों के स्पेयर पार्ट, चिकित्सा में इस्तेमाल होने वाले उपकरण, सूखे मेवे, परमाणु ऊर्जा संयंत्रों के बॉयलर वगैरा आयात करता है।
कुछ दिन पहले ही भारत ने अमेरिका में बनने वाली बोरबॉन व्हिस्की पर आयात शुल्क कम करने का फैसला किया था। वहीं, हार्ले डेविडसन बाइक पर आयात शुल्क पहले ही कम किया जा चुका था। अब माना जा रहा है कि ट्रंप के करीबी एलन मस्क की कंपनी की टेस्ला कारों पर भी आयात शुल्क कम किया जा सकता है। ट्रंप की टेस्ला ने अपनी कारों को बेचने के लिए मुंबई में शो-रूम भी ले लिया है। साथ ही टेस्ला ने बीते दिनों कई पदों के लिए भारतीयों से आवेदन भी मांगे हैं। अब सबकी नजर इस पर है कि भारत की तरफ से अमेरिका में बनी और किन चीजों पर टैरिफ कम किया जाएगा। हालांकि, टैरिफ कम करने से भारत के इलेक्ट्रॉनिक उद्योग, वाहन उद्योग और डेयरी उद्योग भी दबाव में आ सकता है।
डोनाल्ड ट्रंप लगातार ये कहते रहे हैं कि भारत उनके देश से आयात होने वाले सामान पर काफी टैरिफ लगाता है। ट्रंप ने ये भी कहा था कि इस वजह से भारत के बाजार में अमेरिका की चीजों को बेचने में मुश्किल होती है। डोनाल्ड ट्रंप ने बीते दिनों कहा था कि 2 फरवरी से वो कई देशों से आयात होने वाली चीजों पर रेसिप्रोकल टैरिफ लगाएंगे। इन देशों में भारत का नाम भी ट्रंप ने लिया था। ट्रंप ने पहले ही चीन, कनाडा और मेक्सिको पर टैरिफ लगाने का एलान किया है। चीन की सरकार ने इस पर पलटवार करते हुए अमेरिका से आयात होने वाली कई चीजों पर टैरिफ में 10 से 15 फीसदी की बढ़ोतरी की है।
