April 17, 2026

Hind foucs news

hindi new update

केंद्रीय मंत्री नित्यानंद राय के दो भांजों ने एक-दूसरे पर चलाई गोली, एक ने मौके पर ही तोड़ा दम, दूसरे की हालत नाजुक

नई दिल्ली। केंद्रीय मंत्री नित्यानंद राय के दो भांजे मामूली सी बात पर आपस में ही भिड़ गए। विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों भाइयों ने एक-दूसरे पर गोली चला दी। इस घटना में एक भाई की मौत, जबकि दूसरे की हालत गंभीर है, उसका अस्पताल में इलाज चल रहा है। मृतक का नाम विकल यादव और घायल का नाम जयजीत यादव है। बिहार के भागलपुर के नवगछिया में स्थित जगतपुर गांव की यह घटना है। पुलिस ने मामले की पड़ताल शुरू कर दी है। आईजी रेंज विवेक कुमार ने नवगछिया एसपी को हालात का जायजा लेकर सुरक्षा संबंधी सभी उपाय करने का निर्देश दिया है।

ऐसा बताया जा रहा है कि दोनों भाइयों में पानी को लेकर विवाद शुरू हुआ। यह घटना सुबह छह बजे के आसपास की बताई जा रही है। जयजीत ने नौकर से पानी मांगा तो उसके घर में काम करने वाले नौकर ने बर्तन में हाथ डुबो कर पानी निकाला। पीने के पानी वाले बर्तन में नौकर के हाथ डुबोने को लेकर दूसरे भाई विकल ने गुस्से में ऐतराज किया और इसी बात पर दोनों भाइयों विकल और जयजीत में तू तू-मैं मैं शुरू हो गई। गुस्से में तमतमाए विकल घर के अंदर से पिस्तौल ले आया और उसने जयजीत को गोली मार दी। गोली जयजीत के जबड़े को फाड़ती हुई निकल गई।

गोली लगने से पहले तो जयजीत जमीन पर गिर पड़ा मगर कुछ देर बाद वो अचानक से उठा और विकल के साथ हाथापाई करते हुए उससे पिस्तौल छीन ली। जयजीत ने पिस्तौल छीनकर विकल को गोली मार दी। गोली लगने से विकल की मौके पर ही मौत हो गई। परिजन विकल और जयजीत को लेकर पास के अस्पताल पहुंचे जहां डॉक्टर ने विकल को मृत घोषित कर दिया जबकि जयजीत को गंभीर हालत में भर्ती कर लिया है। ज्यादा  खून बह जाने की वजह से जयजीत की हालत गंभीर बनी हुई है।