April 25, 2026

Hind foucs news

hindi new update

पाकिस्तानी अभिनेता फवाद खान की आने वाली फिल्म ‘अबीर गुलाल’ को लेकर विवाद, एमएनएस ने दी रिलीज नहीं होने देने की धमकी

नई दिल्ली। पाकिस्तानी अभिनेता फवाद खान आने वाली फिल्म ‘अबीर गुलाल’ के जरिए एक बार फिर बॉलीवुड में वापसी कर रहे हैं। एक दिन पहले मंगलवार को ही इस फिल्म का टीजर रिलीज किया गया है। उधर टीजर जारी होते ही इस फिल्म को एक लेकर विवाद शुरू हो गया है। राज ठाकरे की पार्टी महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना ने फिल्म का विरोध करते हुए उसे रिलीज ना होने देने की बात कही है। दूसरी तरफ शिवसेना नेता ने भी कहा है कि पाकिस्तानी अभिनेताओं को भारत की बजाए उनके देश में बनी फिल्मों में ही काम करना चाहिए।

मनसे के प्रवक्ता अमेय खोपकर का कहना है कि किसी भी पाकिस्तानी अभिनेता की फिल्म को हम महाराष्ट्र में रिलीज नहीं होने देंगे। किसी भी हाल में यह फिल्म महाराष्ट्र में रिलीज नहीं होगी यह हमारा स्पष्ट बयान है। उन्होंने कहा कि फिल्म के संबंध में और जानकारी जुटाई जा रही है इसके बाद पार्टी की तरफ से इस पर पूरा बयान जारी किया जाएगा। वहीं, शिवसेना ने नेता संजय निरूपम का कहना है कि पाकिस्तानी अभिनेताओं को भारत में काम करने की अनुमति दी जानी चाहिए या नहीं और पाकिस्तानी फिल्मों को भारत में रिलीज किया जाना चाहिए या नहीं इस पर सरकार को निर्णय करना है। अगर सरकार के पास कोई नीति है तो वो इसे लागू करे।

आपको बता दें कि लगभग 8 साल बाद पाकिस्तानी अभिनेता फवाद खान का बॉलीवुड में कमबैक है। फिल्म अबीर गुलाल में फवाद खान के साथ अभिनेत्री वाणी कपूर ने काम किया है। आरती एस. बागड़ी ने इस फिल्म को निर्देशित किया है। इस पूरे विवाद पर बॉलीवुड फिल्म निर्माता अशोक पंडित ने भी अपनी राय रखी। उन्होंने कहा कि अबीर गुलाल को किसी भारतीय स्टूडियो ने सपोर्ट नहीं किया है। उन्होंने कहा कि हम सेंट्रल बोर्ड ऑफ फिल्म सर्टिफिकेशन से इस मामले को देखने की अपील करेंगे।