विराट कोहली ने संन्यास की अटकलों के बीच कही ऐसी बात, सुनकर खुश हो जाएंगे क्रिकेट प्रेमी
नई दिल्ली। विराट कोहली ने एक कार्यक्रम के दौरान भविष्य को लेकर कुछ ऐसा बात बोल दी जिसको सुनकर ना सिर्फ उनके फैंस बल्कि हर भारतीय क्रिकेट प्रेमी खुश हो जाएगा। दरअसल विराट से जब यह पूछा गया कि भविष्य को लेकर उनका बड़ा लक्ष्य क्या है तो इस पर कोहली ने पहले तो कहा, मुझे नहीं मालूम और अगले ही पल वो बोले, शायद अगला वर्ल्ड कप जीतने की कोशिश। विराट का यह जवाब सुनकर वहां मौजूद सभी लोग खुशी से झूम उठे और उन्हें चियर करने लगे। 14 सेकेंड का यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
आपको बता दें कि भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार बैट्समैन विराट कोहली के संन्यास को लेकर पिछले कुछ समय से अटकलों का बाजार गर्म है। सोशल मीडिया पर भी उनके संन्यास को लेकर अलग-अलग तरह के कयास लगाए जा रहे थे। कुछ लोगों ने तो यहां तक कह दिया था कि विराट कोहली और कप्तान रोहित शर्मा दोनों ही चैंपियंस ट्रॉफी 2025 के बाद रिटायरमेंट ले लेंगे। हालांकि दोनों ही खिलाड़ी एक तरह से इस बात को स्पष्ट कर चुके हैं कि फिलहाल उनका क्रिकेट से संन्यास लेने का कोई विचार नहीं है।
इससे पहले जब चैंपियंस ट्रॉफी के बाद रोहित शर्मा से अगले वने डे विश्वकप जो कि 2027 में खेला जाना है, को लेकर सवाल किया गया था तो उन्होंने कहा था कि मुझे विश्वकप का तो पता नहीं लेकिन फिलहाल मेरे मन में संन्यास लेने जैसा कुछ नहीं है। बता दें कि विराट कोहली की गिनती विश्व क्रिकेट के सबसे बेहतरीन बल्लेबाजों में होती है। उनकी फिटनेस को लेकर भी हमेशा तारीफ होती है। विराट कोहली का करियर भी बहुत ही शानदार रहा है। उन्होंने 302 वनडे मैच खेले हैं जिसमें 57.88 के औसत से 14181 रन बनाए हैं। वनडे में विराट ने विश्व में सर्वाधित 51 शतक लगाए हैं।
