June 27, 2026

Hind foucs news

hindi new update

हरियाणा में कांग्रेस के पूर्व विधायक धर्म सिंह छौक्कर गिरफ्तार, 1500 करोड़ की मनी लॉन्ड्रिंग मामले में ईडी ने की कार्रवाई

नई दिल्ली। प्रवर्तन निदेशालय यानी ईडी ने 1500 करोड़ रुपए की मनी लॉन्ड्रिंग केस में हरियाणा कांग्रेस के पूर्व विधायक धर्म सिंह छौक्कर को दिल्ली से गिरफ्तार किया है। ईडी ने कांग्रेस के पूर्व विधायक पर आरोप लगाया है कि उन्होंने अपनी कंपनी के जरिए दीनदयाल आवास योजना में 1500 करोड़ की मनी लॉन्ड्रिंग की। धर्म सिंह छौक्कर हरियाणा की समालखा विधानसभा सीट से विधायक रहे हैं। उनको हरियाणा के पूर्व सीएम और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता भूपेंद्र सिंह हुड्डा का करीबी माना जाता है।

धर्म सिंह छौक्कर पर पहले भी जमीन घोटाला करने का आरोप लगा था। अब ईडी का कहना है कि धर्म सिंह छौक्कर ने अपनी साई आईना फार्म्स के जरिए मनी लॉन्ड्रिंग की। कांग्रेस नेता धर्म सिंह छौक्कर पर आरोप लगा है कि अपनी कंपनी के जरिए उन्होंने गुरुग्राम में घर देने की बात कही। इसके लिए लोगों से करोड़ों रुपए भी लिए। आरोप है कि कांग्रेस नेता धर्म सिंह छौक्कर ने न तो लोगों को घर दिया और न ही उनकी रकम वापस की। ईडी ने इस मामले में धर्म सिंह छौक्कर और उनके परिजनों के ठिकानों पर छापा मारा था। जिसमें जांच एजेंसी को तमाम दस्तावेज और कथित तौर पर संदिग्ध लेन-देन के सबूत मिले थे।

धर्म सिंह छौक्कर के बेटे सिकंदर पर भी सैकड़ों करोड़ के घोटाले का आरोप है। ईडी ने सिकंदर छौक्कर पर भी केस दर्ज कर रखा है। बताया जा रहा है कि ईडी अब धर्म सिंह छौक्कर को कोर्ट में पेश कर रिमांड पर ले सकती है। ईडी का इरादा उनसे पूछताछ कर मनी लॉन्ड्रिंग में शामिल और भी लोगों का पता लगाना है। धर्म सिंह छौक्कर की गिरफ्तारी से सियासत के भी गर्माने के आसार हैं। ऐसे मामले सामने आने पर बीजेपी हमेशा कांग्रेस पर महाभ्रष्ट पार्टी होने का आरोप लगाती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *