भारत के सामर्थ्य का प्रतीक है 100 करोड़ वैक्सीनेशन, कोरोना से लड़ाई अभी जारी: PM मोदी
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (PM Narendra Modi) ने 100 करोड़ वैक्सीनेशन के आंकड़े को 130 करोड़ भारतीयों की सफलता बताते हुए कहा कि यह महज एक आंकड़ा भर नहीं है बल्कि नए भारत के सामर्थ्य का प्रतीक है। हालांकि इसके साथ ही उन्होने देशवासियों से मास्क को अपनी आदत में शामिल करने की अपील करते हुए कहा कि कोरोना का खतरा अभी टला नहीं है, लड़ाई अभी जारी है। राष्ट्र के नाम अपने संबोधन में प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि जब 100 साल की सबसे बड़ी महामारी आई, तो भारत की क्षमता को लेकर कई तरह के सवाल उठाए गए। यह कहा गया कि क्या भारत इस वैश्विक महामारी से लड़ पाएगा? भारत दूसरे देशों से इतनी वैक्सीन खरीदने का पैसा कहां से लाएगा? भारत को वैक्सीन कब मिलेगी? भारत के लोगों को वैक्सीन मिलेगी भी या नहीं? क्या भारत इतने लोगों को टीका लगा पाएगा कि महामारी को फैलने से रोक सके? उन्होंने कहा कि भारत को लेकर भांति-भांति के सवाल थे, लेकिन इस 100 करोड़ वैक्सीन डोज ने हर सवाल का जवाब दे दिया है।
राष्ट्र के नाम अपने संबोधन में पीएम मोदी ने कहा सरकार की तरफ से यह सुनिश्चित किया गया कि वैक्सीनेशन अभियान पर वीआईपी कल्चर हावी न हो। सबको साथ लेकर देश ने ‘सबको वैक्सीन-मु़फ्त वैक्सीन’ का अभियान शुरू किया। गरीब-अमीर, गांव-शहर, दूर-सुदूर, देश का एक ही मंत्र रहा कि अगर बीमारी भेदभाव नहीं करती, तो वैक्सीन में भी भेदभाव नहीं हो सकता।
भारत के 130 करोड़ लोगों और भारतीय लोकतंत्र की तारीफ करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि कोरोना महामारी की शुरूआत में ये भी आशंकाएं व्यक्त की जा रही थीं कि भारत जैसे लोकतंत्र में इस महामारी से लड़ना बहुत मुश्किल होगा। भारत के लिए, भारत के लोगों के लिए ये भी कहा जा रहा था कि इतना संयम, इतना अनुशासन यहां कैसे चलेगा? लेकिन हमारे देश ने दिखा दिया कि हमारे लिए लोकतन्त्र का मतलब है-‘सबका साथ’।
आने वाले दीवाली के त्योहार का जिक्र करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि पिछले वर्ष की तुलना में इस वर्ष 100 करोड़ वैक्सीनेशन की वजह से लोग ज्यादा उत्साह से त्योहार मना पाएंगे। हालांकि इसके साथ ही उन्होने यह भी जोड़ा कि त्योहारों के इस मौसम में भी कोरोना से सावधान रहने की जरूरत है। उन्होने कहा कि कवच कितना ही उत्तम और आधुनिक हो, कितना ही सुरक्षित हो लेकिन जब तक युद्ध चल रहा है, हथियार नहीं डाले जाते। पीएम ने देशवासियों से सतर्कता के साथ त्योहार मनाने की अपील की।
