April 24, 2026

Hind foucs news

hindi new update

आज से इन 12 देशों के लोग नहीं जा सकेंगे अमेरिका, डोनाल्ड ट्रंप ने प्रवेश पर लगाई है रोक

वॉशिंगटन। डोनाल्ड ट्रंप के कार्यकारी आदेश के तहत आज से कई देशों के लोग अमेरिका नहीं जा सकेंगे। ट्रंप ने बीते बुधवार को ट्रैवेल बैन का आदेश जारी किया है। इसके तहत 12 देशों के लोगों के अमेरिका प्रवेश पर रोक लगाई गई है। जिन देशों के लोग आज से अमेरिका में प्रवेश नहीं कर सकेंगे, वे हैं अफगानिस्तान, कांगो, म्यांमार, इक्वेटोरियल गिनी, चाड, हैती, इरिट्रिया, ईरान, सोमालिया, लीबिया, यमन और सूडान। इन देशों के अलावा क्यूबा, लाओस, बुरुंडी, टोगो, तुर्कमेनिस्तान, सिएरा लियोन और वेनेजुएला के लोगों को अमेरिका में प्रवेश के लिए कड़ी शर्तें माननी होंगी।

ट्रंप प्रशासन का कहना है कि इन सभी देशों के लोग पहले यात्रा और आव्रजन संबंधी नियमों का उल्लंघन करते देखे गए हैं। इसी वजह से राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने इन देशों के लोगों पर ट्रैवेल बैन लगाया है। उपरोक्त 19 देशों में स्थित अमेरिका के दूतावासों को इस बारे में दिशानिर्देश दिए गए हैं कि वे संबंधित देशों के नागरिकों को वीजा जारी न करें। हालांकि, इन देशों के नागरिकों को पहले जारी किए गए वीजा को रद्द नहीं किया जाएगा। प्रतिबंध से छूट के लिए कुछ मानदंड तय किए गए हैं। उन मानदंडों को पूरा करने पर ही अमेरिका प्रवेश के लिए वीजा जारी किया जाएगा। इससे इन देशों के लोगों के लिए मुश्किल खड़ी हुई है। खासकर क्यूबा और वेनेजुएला के लोगों को ज्यादा दिक्कत है। क्योंकि इन देशों के लोग अमेरिका जाते हैं।

डोनाल्ड ट्रंप जब पहले अमेरिका के राष्ट्रपति थे, उस वक्त उन्होंने 7 इस्लामी देशों के नागरिकों पर ट्रैवेल बैन लगाया था। उस वक्त ट्रंप ने कार्यकारी आदेश जारी कर ईरान, इराक, सीरिया, सूडान, यमन, लीबिया और सोमालिया के लोगों के अमेरिका आने पर रोक लगाया था। ट्रंप ने ताजा ट्रैवेल बैन में ईरान समेत कई इस्लामी देशों को शामिल किया है। डोनाल्ड ट्रंप का कहना है कि अमेरिका की रक्षा करने के लिए उन्होंने ट्रैवेल बैन लगाया है। व्हाइट हाउस का कहना है कि मुस्लिम विरोधी मानसिकता के तहत ट्रैवेल बैन नहीं लगाया गया है। ट्रंप लगातार कहते रहे हैं कि अवैध प्रवासियों से अमेरिका को खतरा है। उन्होंने कार्यभार संभालने के साथ ही अमेरिका में अवैध प्रवासियों की धरपकड़ कर उन्हें उनके देश वापस भेजने का काम भी शुरू करवाया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *