कॉमेडियन कुणाल कामरा की बढ़ सकती है मुश्किल, विशेषाधिकार हनन के लिए जारी होने वाला है नोटिस
मुंबई। कॉमेडियन कुणाल कामरा को डिप्टी सीएम और शिवसेना अध्यक्ष एकनाथ शिंदे को निशाना बनाकर गाए गीत पर कोर्ट से तो राहत मिल गई थी, लेकिन अब नई मुश्किल खड़ी होती नजर आ रही है। कुणाल कामरा के खिलाफ जल्दी ही महाराष्ट्र विधान परिषद में विशेषाधिकार हनन की कार्यवाही शुरू होने जा रही है। महाराष्ट्र विधान परिषद में मार्च के बजट सत्र के दौरान बीजेपी विधायक प्रवीण दारकर ने कॉमेडियन कुणाल कामरा और उद्धव ठाकरे के शिवसेना गुट की प्रवक्ता सुषमा अंधारे के खिलाफ विशेषाधिकार हनन का नोटिस दिया था। महाराष्ट्र विधान परिषद के मॉनसून सत्र में इस विशेषाधिकार नोटिस पर कुणाल कामरा और सुधमा अंधारे को तलब किया जा सकता है।
महाराष्ट्र विधानमंडल के सचिव जीतेंद्र भोले ने बताया कि विधान परिषद के सभापति राम शिंदे ने कुणाल कामरा और सुषमा अंधारे के खिलाफ दिए गए विशेषाधिकार नोटिस को बीजेपी एमएलसी प्रसाद लाड की अध्यक्षता वाली विशेषाधिकार समिति को भेजा है। वहीं, प्रसाद लाड ने न्यूज एजेंसी पीटीआई को बताया कि नोटिस पर विशेषाधिकार समिति ने चर्चा की। अब कॉमेडियन कुणाल कामरा और सुषमा अंधारे को नोटिस भेजा जाएगा। कुणाल कामरा ने मार्च 2025 में एकनाथ शिंदे को निशाना बनाकर एक शो में एक गाना गाया था। हालांकि, अपने गाने में कुणाल कामरा ने शिवसेना अध्यक्ष का नाम नहीं लिया था। इस पर भड़के शिवसैनिकों ने उस जगह तोड़फोड़ की थी, जहां कुणाल ने वो गाना गाया था। कुणाल कामरा के खिलाफ पुलिस में शिकायत भी दी गई थी। बाद में बॉम्बे हाईकोर्ट ने कुणाल कामरा को जमानत दी थी।
कुणाल कामरा के खिलाफ केस दर्ज होने पर मुंबई पुलिस कई बार कॉमेडियन के घर गई थी, लेकिन कुणाल कामरा ने मुंबई की जगह तमिलनाडु में डेरा डाल दिया था। वहां से सीधे कुणाल कामरा ने जमानत के लिए बॉम्बे हाईकोर्ट का रुख किया था। कुणाल कामरा ने पहले भी विवाद पैदा किए हैं। कुणाल कामरा ने मई 2020 में एक बच्चे के गाए गीत के वीडियो में महंगाई डायन वाला गीत लगा दिया था। इस पर विवाद होने के बाद कुणाल कामरा ने वीडियो डिलीट किया था। कुणाल कामरा एक विमान में सवार पत्रकार अर्णब गोस्वामी से भी भिड़कर विवाद में घिरे थे। सुप्रीम कोर्ट पर भी कुणाल कामरा ने टिप्पणी कर विवाद पैदा किया था।
