युवती ने पेट्रोल पंप कर्मी के सीने से बंदूक सटाकर दी धमकी, हरदोई की ‘रिवॉल्वर रानी’ का वीडियो वायरल
नई दिल्ली। रिवॉल्वर लेकर खुलेआम किसी व्यक्ति के द्वारा दूसरे को धमकाते हुए बहुत से वायरल वीडियो आपने देखे होंगे लेकिन आज हम आपको एक ऐसी घटना के बारे में बताते हैं जब एक युवती ने विवाद के बाद लोगों की भीड़ के बीच बड़े ही बेखौफ अंदाज में पेट्रोल पंप कर्मी के सीने से रिवॉल्वर सटा दी। यह पूरा मामला यूपी के हरदोई के एक पेट्रोल पंप का बताया जा रहा है। पंप पर लगे सीसीटीवी कैमरे में यह पूरी घटना रिकॉर्ड हो गई और इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
दरअसल बिलग्राम के सांडी रोड पर एक पेट्रोल पंप में रविवार देर शाम एक कार सीएनजी भराने के लिए रुकी। इस कार में बैठे 60 वर्षीय एहसान खान की किसी बात को लेकर पेट्रोल पंप के कर्मचारी रजनीश कुमार से बहस हो गई। जब दोनों के बीच बहस हो रही थी तब एहसान की बेटी अरीबा खान भी वहीं खड़ी थी। तभी पेट्रोल पंप कर्मी ने एहसान को कोहनी से पीछे ढकेल दिया। पिता के साथ हुई इस प्रकार की हरकत को देखकर अरीबा गुस्से में आ गई। उसने आव देखा न ताव, सीधे कार के अंदर से रिवाल्वर निकाल कर लाई और पेट्रोल पंप कर्मी के सीने से सटा कर उसे धमकाने लगी। यह देखकर वहां लोग सकपका गए। तभी एक युवक ने अरीबा को पेट्रोल पंप कर्मी से दूर किया।
इसके बाद अरीबा अपने परिवार के साथ कार में बैठकर चली गई। इस पूरी घटना के बाद पेट्रोल पंप कर्मी रजनीश ने पुलिस थाने में जाकर शिकायत की। सीसीटीवी फुटेज को देखकर कार के नंबर से उसके मालिक के बारे में जानकारी निकाली गई और इसके बाद पुलिस ने एहसान खान, उनकी बेटी अरीबा और पत्नी उनकी पत्नी के खिलाफ आर्म्स एक्ट समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस ने रिवॉल्वर जब्त कर ली है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।
