April 17, 2026

Hind foucs news

hindi new update

एयर इंडिया विमान हादसे में मृतकों की संख्या 274 हुई, यात्रियों की पहचान के लिए डीएनए टेस्ट जारी

अहमदाबाद। गुजरात के अहमदाबाद में एयर इंडिया विमान हादसे में मृतकों की संख्या बढ़कर 274 हो गई है। डीएनए टेस्ट से अब तक 45 शवों की पहचान हुई है। जिनको उनके परिजनों को सौंपा गया है। गुजरात के डिप्टी सीएम विजय रूपानी के शव की भी रविवार को डीएनए टेस्ट से पहचान हुई थी। विजय रूपानी का राजकोट में राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया जाएगा। अहमदाबाद से लंदन के गैटविक एयरपोर्ट जा रहा एयर इंडिया का विमान सरदार वल्लभ भाई इंटरनेशनल एयरपोर्ट से उड़ान भरने के बाद ही करीब 2 किलोमीटर दूर मेडिकल कॉलेज के हॉस्टल से जा टकराया था।

एयर इंडिया के विमान में 230 यात्री और चालक दल के 12 सदस्य थे। यात्रियों में से 11-ए सीट पर बैठे विश्वास कुमार रमेश की जान ही बच सकी थी। एयर इंडिया के विमान में सवार बाकी लोग बच नहीं सके। वहीं, मेडिकल कॉलेज के हॉस्टल से विमान के टकराने से कई मेडिकल छात्रों और अन्य लोगों की जान भी गई। ये सभी मेस में भोजन कर रहे थे। विमान ने दोपहर 1.38 बजे टेकऑफ किया था और 625 फिट ऊपर उठने के बाद ही वो तेजी से नीचे आता रहा। पायलट विमान को संभाल नहीं सके और बड़ा हादसा हो गया।

एयर इंडिया की फ्लाइट संख्या AI171 के हादसे की जांच के लिए केंद्र सरकार ने कमेटी बनाई है। इसके अलावा अमेरिका और ब्रिटेन के जांच दल भी एयर इंडिया विमान हादसे की वजह की जांच करने अहमदाबाद पहुंचे हैं। एयर इंडिया के दुर्घटनाग्रस्त विमान का कॉकपिट वॉयस रिकॉर्डर और फ्लाइट डेटा रिकॉर्डर यानी ब्लैक बॉक्स शनिवार को ही मिल गए थे। इनमें दर्ज डेटा और वॉयस की जांच भी की जा रही है। खास बात ये है कि विमान ने जब उड़ान भरी, तो उसके डैनों के फ्लैप नीचे नहीं थे। जबकि, उड़ान भरने के बाद भी पहिए बाहर निकले हुए थे। इससे लगता है कि विमान में कोई बड़ी तकनीकी गड़बड़ी हुई थी। हालांकि, जांच के बाद ही पता चल सकेगा कि एयर इंडिया का विमान आखिर हादसे का शिकार क्यों हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *